India News: क्या आप वजन कम करने के लिए हेल्दी स्नैक्स पर भरोसा करते हैं? अगर हां, तो सावधान हो जाएं। Divya Gandhi’s Diet & Nutrition Clinic की विशेषज्ञों का कहना है कि अनजाने में हम कुछ ऐसी गलतियां करते हैं, जिनसे वजन घटने के बजाय बढ़ने लगता है। हेल्दी स्नैक्स का चुनाव करते समय भी सावधानी बरतनी जरूरी है।
हेल्दी स्नैक्स के नाम पर हम अक्सर जरूरत से ज्यादा कैलोरी ले लेते हैं। काम या फोन का इस्तेमाल करते हुए हम पोर्शन साइज भूल जाते हैं। मखाने, नट्स या डार्क चॉकलेट जैसी चीजें भले ही स्वास्थ्यवर्धक हों, लेकिन उनकी मात्रा पर ध्यान न देना मोटापा बढ़ाता है। सीमित मात्रा में खाना वजन कंट्रोल के लिए अनिवार्य है।
बाजार में मिलने वाले पैकेट बंद हेल्दी फूड्स भी धोखा हो सकते हैं। इन उत्पादों पर ‘हेल्दी’ लिखा होता है, लेकिन इनमें आर्टिफिशियल शुगर और सोडियम की भारी मात्रा छिपी होती है। ये तत्व मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देते हैं। हमेशा पैकेट खरीदने से पहले पीछे दिए गए न्यूट्रिशनल लेबल को पढ़ना बहुत जरूरी है।
भूख के बिना खाना खाना पड़ता है भारी
बार-बार खाने की आदत भी वजन बढ़ा सकती है। कई लोग वजन घटाने के चक्कर में हर दो घंटे में स्नैक्स खाते हैं। इससे पाचन तंत्र को आराम नहीं मिलता है और शरीर कैलोरी बर्न नहीं कर पाता है। जब भूख लगे, तभी खाएं। बिना जरूरत के खाने से शरीर की नेचुरल लय बिगड़ जाती है।
अगर आप फिट रहना चाहते हैं, तो डाइट के साथ अनुशासन भी जरूरी है। सिर्फ खाने पर नियंत्रण काफी नहीं है, बल्कि नियमित एक्सरसाइज को भी जीवनशैली में जोड़ना होगा। वजन संतुलित रखने के लिए क्या, कब और कितनी मात्रा में खा रहे हैं, इसका रिकॉर्ड रखें। सही चुनाव और संयम ही वजन घटाने की असली चाबी है।
Author: Asha Thakur


