Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए ‘सुशासन तिहार’ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
लापरवाह अफसरों पर भड़कीं महिला विधायक
वायरल वीडियो में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते कार्यक्रम के दौरान मंच से अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े लहजे में हिदायत देती दिख रही हैं। काम में ढिलाई बरतने वाले अफसरों की तरफ देखते हुए उन्होंने साफ कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र और हमारे विभागों में अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा।
यह पूरा मामला प्रतापपुर विधानसभा के टुक्कुड़ांड इलाके का बताया जा रहा है, जहां बीते 25 मई को सुशासन तिहार शिविर लगाया गया था। विधायक ने वहां मौजूद मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सीधे आवाज लगाते हुए पूछा कि सीईओ साहब कहां चले गए, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया।
जनता का काम समय पर पूरा करने की सख्त चेतावनी
शकुंतला सिंह पोर्ते अपने बेबाक और कड़क अंदाज के लिए छत्तीसगढ़ की राजनीति में काफी जानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके इस रूप की जमकर तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि का ऐसा सख्त रुख होना बहुत जरूरी है।
इससे पहले भी विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मंच से अधिकारियों को आम जनता का काम समय पर पूरा करने की सख्त चेतावनी दे चुकी हैं। वह हमेशा भ्रष्टाचार और काम में लेती-लतीफी के खिलाफ खुलकर बोलती हैं, जिससे प्रशासनिक महकमे में हमेशा एक डर का माहौल बना रहता है।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर से जीता था बड़ा चुनाव
बता दें कि शकुंतला सिंह पोर्ते भारतीय जनता पार्टी की एक बेहद सक्रिय और कद्दावर नेता हैं। उन्होंने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में सूरजपुर जिले की प्रतापपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार शिवभजन मराबी को भारी मतों के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की थी।
अपने क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में और विशेष रूप से महिलाओं के बीच शकुंतला पोर्ते की लोकप्रियता बहुत ज्यादा मानी जाती है। वह लगातार सुशासन शिविरों के माध्यम से सीधे आम लोगों से जुड़ रही हैं और मौके पर ही उनकी गंभीर शिकायतों का तुरंत निपटारा करवा रही हैं।
Author: Anjali Sahu


