Himachal Pradesh News: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के एक कर्मचारी पर शादीशुदा महिला का पिछले चार साल से लगातार यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रामपुर में एचआरटीसी कर्मी पर लगा गंभीर आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी एचआरटीसी में कार्यरत है और उसने उसे पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले रखा था। आरोपी पिछले तीन-चार साल से महिला की मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। वह अक्सर महिला के क्वार्टर पर जबरन पहुंच जाता था और घिनौनी वारदात को अंजाम देता था।
जान से मारने की धमकी देकर बंद किया मुंह
पीड़िता इस प्रताड़ना से बुरी तरह तंग आ चुकी थी और समाज को इस सच से अवगत कराना चाहती थी। लेकिन जब भी वह किसी को इस बारे में बताने की कोशिश करती, आरोपी उसे जान से मारने की सीधी धमकी देता था। आरोपी अक्सर बहला-फुसलाकर महिला के कमरे में घुसता था और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म करता था।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया केस
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 351(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है।
Author: Sunita Gupta


