केरल में ‘सतीशन युग’ की शुरुआत! 14 नए चेहरों के साथ आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, सादगी देख जनता हुई मुग्ध

Kerala News: केरल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी.डी. सतीशन आज एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुल 20 मंत्रियों का मंत्रिमंडल भी शपथ ग्रहण करेगा। सतीशन ने कार्यभार संभालने से पहले ही सरकारी खर्चों में कटौती का बड़ा संदेश दिया है।

इस नई कैबिनेट में युवाओं और बिल्कुल नए चेहरों को सबसे ज्यादा तरजीह दी गई है। मंत्रिमंडल की सूची में कुल 14 नए चेहरों को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे दिग्गज कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला भी इस बार कैबिनेट में मंत्री के रूप में शामिल होने जा रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी की तरफ से पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, के.ए. थुलसी और ओ.जे. जनीश जैसे कद्दावर नेताओं को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा, थिरुवनंतूर राधाकृष्णन को विधानसभा का नया अध्यक्ष और शनीमोल उस्मान को उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहयोगी दलों को मिला उचित प्रतिनिधित्व

कांग्रेस ने अपने सबसे बड़े सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को कैबिनेट में पांच मंत्री पद दिए हैं। इनमें पी.के. कुन्हालीकुट्टी, के.एम. शाजी, वी. अब्दुल गफूर, एन. शमसुद्दीन और पी.के. बशीर शामिल हैं। गठबंधन धर्म का पालन करते हुए सभी घटक दलों को उचित सम्मान दिया गया है।

अन्य सहयोगियों में केरल कांग्रेस (जोसेफ) से मॉन्स जोसेफ और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी से शिबू बेबी जॉन को जगह मिली है। इसके साथ ही केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और कम्युनीस्ट मार्क्सवादी पार्टी के सी.पी. जॉन को भी नए मंत्रिमंडल में शामिल कर क्षेत्रीय संतुलन साधा गया है।

बिना सुरक्षा काफिले के चलेंगे नए मुख्यमंत्री सतीशन

पदभार संभालने से ठीक पहले वी.डी. सतीशन ने राज्य में सरकारी खर्च घटाने और सादगी अपनाने की अनूठी घोषणा की है। उन्होंने साफ कर दिया है कि उनके साथ कोई बड़ा सुरक्षा काफिला या एम्बुलेंस नहीं चलेगी। उन्होंने अपने लिए कोई भी नई सरकारी गाड़ी लेने से साफ इनकार कर दिया है।

सतीशन के इस अभूतपूर्व फैसले की राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता में भी भारी सराहना हो रही है। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार भी शामिल होंगे।

Author: Nikhil Nair

Hot this week

Related News

Popular Categories