Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खाना बनाते समय रसोई गैस पाइप से अचानक हुए रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। इस गंभीर दुर्घटना में सात महीने के मासूम बच्चे समेत एक ही परिवार के नौ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।
खाना बनाते समय अचानक भड़की आग
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हादसा रविवार रात करीब नौ बजे कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में हुआ। यहां संतोष लोधी की पत्नी कलावती घर में रात का खाना बना रही थीं। तभी अचानक गैस पाइप से रिसाव होने लगा और देखते ही देखते पूरे घर में आग फैल गई।
बचाने की कोशिश में झुलसे परिजन
कलावती को जलते देख परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने के लिए फौरन दौड़े। इस कोशिश में साजन, सुलेखा, रिश्तेदार संजय, सुनीता, सात महीने का बच्चा, रीता, सोनी और पड़ोसी करन भी आग की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने बनाया विशेष ग्रीन कॉरिडोर
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने भी घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय अस्पताल से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आठ लोगों को तत्काल कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने एम्बुलेंस को बिना रुकावट जल्दी पहुंचाने के लिए सड़क पर विशेष ग्रीन कॉरिडोर बनाया।
शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि घर में कोई सिलेंडर विस्फोट नहीं हुआ था। केवल बंद कमरे में गैस लीक होने के बाद माचिस जलाने से यह भीषण आग भड़की। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे पिलखनी गांव में कोहराम मचा हुआ है और सभी घायलों की हालत नाजुक है।
Author: Ajay Mishra

