Oman News: पश्चिम एशिया में जारी भीषण तनाव के बीच ओमान ने शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ी आपातकालीन चेतावनी जारी की है। सरकार ने यह एडवाइजरी विशेष रूप से समुद्री यात्रियों, स्थानीय मछुयारों और बड़े मालवाहक जहाजों की सुरक्षा के लिए जारी की है।
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने समुद्र में एक बेहद संदिग्ध बारूदी सुरंग को लेकर गंभीर अलर्ट जारी किया है। यह विनाशकारी फ्लोटिंग माइन होर्मुज स्ट्रेट के पानी में तैरती हुई दिखाई दी है। इस खबर के बाद से पूरे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापारिक रूट पर हड़कंप मच गया है।
समुद्री सुरक्षा केंद्र ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
समुद्री सुरक्षा केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ओमान के समुद्री क्षेत्र में इनशोर ट्रैफिक जोन के ठीक पश्चिम में एक बहुत ही संदिग्ध वस्तु देखी गई है। विशेषज्ञ इसे पानी पर तैरने वाली खतरनाक माइन मान रहे हैं।
इस गंभीर खतरे को देखते हुए ओमान के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने तुरंत एक हाई-लेवल मीटिंग बुलाई। उन्होंने सभी जहाजों और समुद्री उपयोगकर्ताओं से अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। नौसेना ने सभी को इस संदिग्ध वस्तु से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने साफ कहा है कि कोई भी जहाज इस क्षेत्र के पास न जाए। इसके साथ ही ऐसी किसी भी अनजानी वस्तु के दिखने पर तुरंत संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को सूचना देने की सख्त हिदायत दी गई है। तटीय गार्ड इस समय पूरे इलाके की सघन निगरानी कर रहे हैं।
ईरानी सेना का नया दावा और ड्रोन हमला
इस बीच पूरे खाड़ी क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां अचानक काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। ईरानी सेना ने एक बड़ा और सनसनीखेज दावा करते हुए माहौल को और गरमा दिया है। ईरान के मुताबिक उसने अपने रणनीतिक केश्म द्वीप के ऊपर उड़ रहे एक इजरायली ऑर्बिटर ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया है।
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव ने ओमान के इस समुद्री रास्ते को बेहद संवेदनशील बना दिया है। दुनिया का एक बड़ा तेल व्यापार इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है। इस क्षेत्र में बारूदी सुरंग मिलने और ड्रोन गिराए जाने से वैश्विक व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा पर बड़ा संकट मंडराने लगा है।
Author: Pallavi Sharma

