पीएम मोदी से तीखा सवाल पूछने वाली नॉर्वे की पत्रकार पर बड़ा एक्शन, मेटा ने सस्पेंड किए सोशल मीडिया अकाउंट्स

International News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूरोप दौरे के दौरान सवाल पूछकर चर्चा में आईं नॉर्वे की पत्रकार हेली लेंग पर बड़ा एक्शन हुआ है। हेली लेंग ने दावा किया है कि भारी ऑनलाइन ट्रोलिंग के बीच मेटा ने उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को अचानक सस्पेंड कर दिया है।

यह पूरा विवाद ओस्लो में भारत और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों की संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग के दौरान शुरू हुआ था। ब्रीफिंग खत्म होने के बाद ‘डागसाविसेन’ अखबार की पत्रकार हेली लेंग ने प्रेस फ्रीडम और मानवाधिकार के मुद्दे पर पीएम मोदी से तीखे सवाल पूछने की कोशिश की थी।

भारतीय अधिकारी से बहस के बाद बढ़ीं हेली की मुश्किलें

मीडिया ब्रीफिंग के बाद जब पीएम मोदी कमरे से बाहर जाने लगे, तब हेली ने उन पर तंज कसा था। इसके बाद विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। इस घटना के बाद से ही भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स लगातार हेली लेंग को ट्रोल कर रहे हैं।

हेली लेंग ने सोशल मीडिया अकाउंट्स सस्पेंड होने की जानकारी खुद एक्स प्लेटफॉर्म पर दी है। उन्होंने लिखा कि प्रेस की आजादी के लिए यह बहुत छोटी कीमत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मेटा कंपनी उनके दोनों सोशल मीडिया अकाउंट्स को जल्द ही दोबारा बहाल कर देगी।

सोशल मीडिया पर चीनी जासूस होने के लग रहे आरोप

अकाउंट सस्पेंड होने से पहले हेली लेंग को इंटरनेट यूजर्स के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों ने उनके पुराने आर्टिकल्स और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर लिखी रिपोर्ट्स ढूंढ निकालीं। अब कई सोशल मीडिया यूजर्स हेली लेंग को विदेशी एजेंट और चीनी जासूस बता रहे हैं।

भारत में मानवाधिकार और प्रेस फ्रीडम इंडेक्स को लेकर पूछे गए सवाल पर हेली की चौतरफा आलोचना हो रही है। दूसरी तरफ इस विवाद के बाद एक्स प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 800 से बढ़कर सीधे 45,000 के पार पहुंच गई है।

विदेश मंत्रालय ने पत्रकार के सवाल पर दिया कड़ा जवाब

हेली लेंग ने भारत को प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में 157वें स्थान पर बताते हुए अपने सवाल को सही ठहराया था। इसके जवाब में विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने आधिकारिक ब्रीफिंग में स्पष्ट कहा कि जिन लोगों को भारत की समझ नहीं है, उन्हें ऐसे सवाल नहीं उठाने चाहिए।

Author: Pallavi Sharma

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories