World News: ईरान ने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को सफलतापूर्वक मार गिराने का दावा किया है। तेहरान ने इस दावे के समर्थन में एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें एक फाइटर जेट को मिसाइल लगने के बाद नीचे गिरते दिखाया गया है। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। यह दावा अमेरिका और इजरायल के साथ चल रही बढ़ती जंग के बीच आया है।
वीडियो में क्या दिखाया गया?
ईरान कीसरकारी मीडिया प्रेस टीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिकी F-18 जेट को मार गिराया। वीडियो में एक जेट हवा में उड़ता दिखता है, फिर अचानक चमकदार रोशनी पड़ती है और जेट अस्थिर होकर धुआं छोड़ते हुए नीचे गिरता है। ईरान का दावा है कि यह बैलिस्टिक मिसाइल से हमला था। हालांकि, वीडियो में हमले की जगह, नुकसान की डिग्री या पायलट की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
अमेरिका ने किया दावा खारिज
अमेरिकीसेना ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। यूएस सेंट्रल कमांड ने एक्स पर लिखा कि ईरान ने कोई भी अमेरिकी फाइटर एयरक्राफ्ट नहीं गिराया। यह पहली बार नहीं है जब ईरान ऐसे दावे कर रहा है और सेंट्रल कमांड ने उन्हें फर्जी बताया है। पिछले हफ्ते ईरानी मीडिया ने दो बार दावा किया था कि आईआरजीसी ने अमेरिकी F-15 जेट्स को मार गिराया, जिसे सेंट्रल कमांड ने खारिज कर दिया था।
पहले के दावे भी हुए खारिज
सेंट्रल कमांड केअनुसार, ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत अमेरिकी बलों ने 8,000 से ज्यादा कॉम्बैट फ्लाइट्स पूरी की हैं, लेकिन ईरान ने एक भी अमेरिकी फाइटर जेट नहीं गिराया। ईरान ने एक अमेरिकी F-35 स्टेल्थ फाइटर को भी नुकसान पहुंचाने का दावा किया था। अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की कि जेट में आग लगने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी और पायलट सुरक्षित निकल गया, लेकिन अमेरिका ने इसे स्पष्ट रूप से ईरानी हमले से जोड़ने से परहेज किया है। फिलहाल, ईरान के ताजा दावे को लेकर अमेरिकी सेना ने साफ इनकार कर दिया है।


