Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क पर जमकर उत्पाद मचाया। गागलहेडी की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित ऑटो ने पहले से खड़ी कार और सामने से आ रहे थ्री-व्हीलर को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ऑटो सड़क किनारे बने एक चाय के खोखे में जा घुसा।
यह भीषण सड़क हादसा देहरादून रोड पर राकेश केमिकल के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बुधवार की शाम डिवाइडर के एक कट पर एक कार शांति से खड़ी हुई थी। इसी दौरान गागलहेडी की तरफ से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार ऑटो का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा।
हादसे का लाइव वीडियो सीसीटीवी में हुआ कैद
रफ्तार इतनी तेज थी कि ऑटो सबसे पहले कट पर खड़ी कार से जाकर बुरी तरह टकरा गया। इसके बाद वह सामने से आ रहे एक अन्य ऑटो से सीधे भिड़ गया। दोनों वाहनों की इस भिड़ंत के बाद अनियंत्रित ऑटो सीधे पास ही स्थित चाय के खोखे में जा घुसा।
इस हादसे के दौरान ऑटो में सवार कई युवतियां और अन्य सवारियां झटके से चलती गाड़ी से सीधे सड़क पर गिर गईं। गनीमत यह रही कि सभी को मामूली चोटें ही आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सड़क से उठाया और संभाला।
पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक पर दर्ज किया मुकदमा
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हादसे में कार चालक की कोई गलती नहीं थी। दुर्घटना का शिकार हुए दूसरे ऑटो के चालक और मोहल्ला महीपुरा निवासी नेकी राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
नेकी राम ने पुलिस को बताया कि इस लापरवाही के कारण उन्हें और उनकी सवारियों को काफी चोटें आई हैं। थाना जनकपुरी के प्रभारी निरीक्षक नेमचंद ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जमीन के नाम पर 61 लाख की ठगी करने वाला मुजफ्फर गिरफ्तार
सहारनपुर पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 61 लाख 50 हजार रुपये की बड़ी ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। चिलकाना निवासी पीड़ित शोहराब ने छुटमलपुर कस्बा निवासी मुजफ्फर हुसैन के खिलाफ जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी मुजफ्फर ने एक कृषि भूमि की फर्जी खतौनी दिखाकर उसे अपनी जमीन बताया था। बैनामा करने का झांसा देकर आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 61.50 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए थे।
फर्जी खतौनी दिखाकर खाते में ट्रांसफर कराए थे पैसे
पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब पीड़ित ने जमीन के कागजातों की बारीकी से जांच कराई, तो उसके होश उड़ गए। जांच में पता चला कि आरोपी द्वारा दिखाई गई खतौनी पूरी तरह फर्जी और कूट रचित थी। वह विवादित जमीन वास्तव में आरोपी के नाम पर दर्ज ही नहीं थी।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस की शरण ली थी। छुटमलपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी मुजफ्फर हुसैन को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
Author: Ajay Mishra


