HP PWD Circuit House Online Booking: हमीरपुर में शुरू हुई खास सुविधा, छात्रों को कौड़ियों के भाव मिलेगा ठहरने का कमरा

Himachal Pradesh News: लोक निर्माण विभाग ने हमीरपुर परिधि गृह की डोरमेट्री के लिए ऑनलाइन बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। विभाग के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब लोग आसानी से अपने लिए बेड बुक कर सकेंगे। सरकार के इस बड़े फैसले से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्रों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी।

हमीरपुर सर्किट हाउस में ऑनलाइन बुकिंग से मिलेगी राहत

हमीरपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के इस परिधि गृह में कुल 21 बेड की डोरमेट्री उपलब्ध है। पहले इस सुविधा का लाभ लेने के लिए लोगों को केवल मैनुअल बुकिंग का सहारा लेना पड़ता था। दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों की परेशानी देखकर विभाग ने अब इसे पूरी तरह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया है।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ई. एनपी सिंह ने बताया कि छात्र ‘हिम अतिथि’ पोर्टल के जरिए इस सस्ती आवासीय सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। राज्य सरकार ने मई 2025 से विश्राम गृहों के लिए 50 फीसदी अग्रिम भुगतान की नीति लागू की है। इस डिजिटल बदलाव से पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता और सुलभता आई है।

हिमाचली और गैर हिमाचलियों के लिए तय हुआ शुल्क

विभाग ने डोरमेट्री में रात्रि ठहराव के लिए दोनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया है। हिमाचल के स्थानीय निवासियों को इसके लिए 100 रुपए प्रति बेड देना होगा। वहीं, अन्य राज्यों से आने वाले गैर हिमाचली लोगों के लिए 200 रुपए प्रति बेड का शुल्क तय किया गया है।

इस नई ऑनलाइन व्यवस्था के लागू होने से विश्राम गृहों के राजस्व में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार लगातार नागरिक केंद्रित सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए डिजिटल नवाचारों पर काम कर रही है। इस पारदर्शी नीति से पर्यटकों और आम जनता को कमरों की उपलब्धता की सटीक जानकारी घर बैठे मिल रही है।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories