Himachal Monsoon Update: हिमाचल प्रदेश में इस बार देरी से दस्तक देगा मानसून, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Himachal Pradesh Weather News: हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून अपने तय समय से देरी से पहुंचेगा। आमतौर पर राज्य में मानसून 25 जून को एंट्री करता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक हफ्ते तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश तो होगी, लेकिन यह प्री-मानसून और सामान्य वर्षा ही रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ इलाकों में धूप के साथ बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। रविवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद करीब 15 मिनट तक हल्की धूप के बीच तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मौसम साफ हो गया, जबकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहा।

आगामी तीन दिनों तक ऊंचे पहाड़ों पर हिमपात और निचले इलाकों में बारिश

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के हिमपात और निचले मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को प्रदेश के चार प्रमुख जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में जून महीने के दौरान अब तक केवल 48.1 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। यह आंकड़ा सामान्य से करीब 20 फीसदी कम है। किन्नौर, मंडी और सोलन को छोड़कर बाकी सभी जिलों में सामान्य के मुकाबले 16 से 65 प्रतिशत तक कम पानी बरसा है।

धर्मशाला से ज्यादा गर्म रही शिमला की रात, बिलासपुर में गिरा तापमान

पहाड़ों की रानी शिमला में शनिवार की रात धर्मशाला से ज्यादा गर्म रिकॉर्ड की गई। शिमला का मिनिमम टेम्परेचर 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि धर्मशाला में गिरावट के साथ यह 16 डिग्री दर्ज हुआ। बिलासपुर के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा 4 डिग्री की गिरावट आई और यह 24 डिग्री पर पहुंच गया।

राज्य के मनाली में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़ गया है। हिमाचल के छह शहरों में मैक्सिमम टेम्परेचर 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 38 डिग्री, ऊना में 37.6 डिग्री, नेरी में 36.8 डिग्री, बरठीं में 35.8 डिग्री और सुंदरनगर में 35.7 डिग्री तापमान रहा।

पिछले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश में मानसून की एंट्री का रिकॉर्ड

हिमाचल प्रदेश में पिछले पांच सालों के दौरान मानसून के पहुंचने की तारीखों में काफी बदलाव देखा गया है। वर्ष 2021 में मानसून ने सबसे पहले 13 जून को दस्तक दी थी। इसके बाद साल 2022 में 29 जून और साल 2023 में 24 जून को मानसून आया था।

वहीं साल 2024 में मानसून थोड़ा लेट होकर 27 जून को हिमाचल पहुंचा था। इसके विपरीत पिछले साल यानी 2025 में मानसून ने समय से पहले 20 जून को ही राज्य में प्रवेश कर लिया था। इस बार फिर मानसून की रफ्तार सुस्त होने से इसके देरी से आने का अनुमान है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories