Hisar News: हरियाणा में बुधवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली और तेज धूप निकलने से गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जो अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, वह दोबारा बढ़कर 36 डिग्री के पार पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अंबाला में बुधवार शाम को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि, धूप के तेवर तीखे होने से दिन के तापमान में करीब छह डिग्री तक का उछाल आया है। इसके बावजूद मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। उत्तर भारत में दो नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहे हैं। इसके प्रभाव से 18 जून की रात से लेकर 23 जून तक राज्य में लगातार बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान और पंजाब के साइक्लोनिक सर्कुलेशन से चलेगी आंधी
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान पहाड़ों की तरफ पश्चिमी विक्षोभ बढ़ने और राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से हवाओं की दिशा बदलेगी।
इस मौसमी बदलाव के कारण 18 जून की रात से लेकर 20 जून के दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की उम्मीद है, जिससे उमस भरी गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।
23 जून तक दो चरणों में होगी बारिश, जानें अपने शहर का तापमान
इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 22 और 23 जून को राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस अवधि में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बुधवार को भिवानी में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 39.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला में 39.3, रोहतक में 39.3, गुरुग्राम में 38.1, करनाल में 37 और हिसार में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। कृषि मौसम विभाग ने किसानों को मौसम देखकर ही सिंचाई करने की सलाह दी है।
Author: Sandeep Hooda


