Delhi News: मोबाइल ने खोला राज, दिल्ली पुलिस ने ‘सब्जी विक्रेता’ बनकर 3 घंटे में पकड़ा शातिर चोर

New Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चोरी की एक बड़ी गुत्थी सुलझाई है। महज तीन घंटे के भीतर पुलिस ने आभूषणों से भरा लॉकर बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि पुलिस ने चोर को पकड़ने के लिए ‘सब्जी विक्रेता’ का भेष धरा। आरोपी की पहचान दरभंगा निवासी कलाम नदफ के रूप में हुई है, जो पहले भी चोरी की सात वारदातों में शामिल रहा है।

बाथरूम में छूटे मोबाइल ने बिगाड़ा चोर का खेल

वारदात 28 अप्रैल की सुबह दक्षिण पटेल नगर में हुई, जहां कारोबारी योगेश शर्मा के घर से 25 लाख रुपये के जेवरात वाला भारी लॉकर चोरी हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बारीकी से जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में एक अनजान मोबाइल फोन पड़ा मिला। यह फोन आरोपी का था, जो हड़बड़ाहट में वहीं छूट गया था। फोन की बैटरी डिस्चार्ज थी, जिसे पुलिस ने तुरंत चार्ज पर लगाया।

सब्जी विक्रेता बनकर पुलिस ने बुना जाल

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर के निर्देश पर पुलिस ने एक अनूठी योजना बनाई। थाना प्रभारी ने हवलदार विकास को निर्देश दिया कि वह फोन आने पर फल या सब्जी विक्रेता बनकर बात करे। जब आरोपी के भतीजे का फोन आया, तो हवलदार विकास ने उसे झांसा देते हुए कहा कि फोन उसे मिला है और वापस करने के बदले 500 रुपये की मांग की। पुलिस का यह दांव काम कर गया और आरोपी झांसे में आ गया।

घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा गया

पुलिस ने आरोपी को फोन देने के लिए रहेजा बिल्डिंग के पास बुलाया। जैसे ही आरोपी का नाबालिग भतीजा फोन लेने पहुंचा, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी कलाम को भी दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि लॉकर काफी भारी था, इसलिए उसने उसे उसी बिल्डिंग के एक निर्माणाधीन फ्लैट में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद कर लिया है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories