शाहदरा स्टेशन पर मामूली बात पर मेट्रो गार्ड की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या, ट्रेन से भाग रहे 8 आरोपी गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहे मेट्रो सुरक्षा गार्ड की पुलिस के सामने ही बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

खेकड़ा के शेखपुरा निवासी 35 वर्षीय पंकज धामा दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात थे। वे इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म करने के बाद घर जाने के लिए शामली जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर यह खूनी संघर्ष शुरू हो गया।

प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर जैसे ही ऋषिकेश जाने वाली योगा एक्सप्रेस ट्रेन आकर रुकी, तो उसमें चढ़ने के दौरान पंकज का कंधा एक युवक से टकरा गया। इसी मामूली बात पर शुरू हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया। उस युवक ने अपने साथियों को बुलाकर पंकज पर जानलेवा हमला बोल दिया।

मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर पकड़े गए हत्यारोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी ट्रेन में सवार होकर दिल्ली से भाग निकले। पुरानी दिल्ली रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने तुरंत वायरलेस और मोबाइल फोन के जरिए उत्तर प्रदेश की पूरी रेलवे पुलिस को अलर्ट जारी किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी सभी थानों को फॉरवर्ड किए।

जैसे ही योगा एक्सप्रेस ट्रेन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्टेशन पर पहुंची, वहां की रेलवे पुलिस ने बोगियों में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस ने ट्रेन से भाग रहे आठ आरोपियों रोहित, सागर, हर्षित, निशांत, जीवन, प्रिंस, आकाश और दूसरे रोहित को तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया।

मुजफ्फरनगर पुलिस ने पकड़े गए सभी आठों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली रेलवे पुलिस की विशेष टीम को सौंप दिया है। दिल्ली जीआरपी पुलिस ने इन सभी हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके अपनी विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हमले का लाइव वीडियो

इस खूनी वारदात का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 52 सेकंड के इस वीडियो में छह-सात युवक पंकज धामा को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। वहां तैनात एक पुलिसकर्मी हमलावरों को खदेड़ने की कोशिश भी करता दिख रहा है।

गंभीर रूप से घायल पंकज हमले के बाद प्लेटफॉर्म पर गिरकर करीब 15 मिनट तक तड़पते रहे। लेकिन स्टेशन पर मौजूद किसी भी यात्री ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। उचित समय पर इलाज न मिलने के कारण पंकज ने प्लेटफॉर्म पर ही दम तोड़ दिया।

पंकज धामा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उनकी मौत के मुख्य कारण का खुलासा हो गया है। डॉक्टरों के मुताबिक माथे और सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उनके दिमाग में खून फैल गया था। इसी वजह से उन्हें तुरंत ब्रेन हेमरेज हुआ, जो उनकी मौत की मुख्य वजह बना।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पंकज की असमय मौत से उनके परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छह साल पहले उनकी शादी पूजा पंवार के साथ हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार साल का बेटा सम्राट और दो साल की बेटी प्रिया शामिल है। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार दोपहर को पंकज का पार्थिव शरीर उनके पैतृक कस्बे खेकड़ा लाया गया। शव के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में सैकड़ों स्थानीय लोगों की मौजूदगी में श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Author: Gaurav Malhotra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories