योगी सरकार ने रिंकू सिंह को सौंपा अहम पद, क्रिकेटर बने रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर, 14 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र

Lucknow News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह अब नई भूमिका में नजर आएंगे। यूपी की योगी सरकार उन्हें एक अहम सरकारी पद सौंपने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर का नियुक्ति पत्र देंगे। इसके लिए लखनऊ में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। समारोह में कुल 14 खिलाड़ियों को प्रशासनिक सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स और पैरालिंपिक जैसे विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

हॉकी और पैरालिंपिक सितारों को भी मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

रिंकूसिंह के अलावा हॉकी में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी बनाया जाएगा। पेरिस पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रवीण कुमार को डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्ति मिलेगी। पैरालिंपिक में रजत पदक जीतने वाले अजीत सिंह जिला पंचायत राज अधिकारी बनने जा रहे हैं। 200 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली सिमरन को भी इसी विभाग में जिम्मेदारी मिलेगी। 100 और 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने वाली प्रतिपाल को खंड विकास अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इन सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सरकारी सेवाओं में शामिल किया जा रहा है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिलेंगे अवॉर्ड

इस कार्यक्रम मेंराष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले 9 खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। सरकार का यह कदम खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले भी कई खिलाड़ियों को सरकारी पदों पर नियुक्त कर उनका हौसला बढ़ाया है। इस बार भी विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशासनिक सेवाओं में शामिल करने का निर्णय लिया गया है। यह पहल खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। रिंकू सिंह का रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर बनना उनके करियर में एक नया अध्याय जोड़ेगा। फिलहाल सभी खिलाड़ी इस नियुक्ति के लिए उत्साहित हैं।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories