Sports News: भारतीय महिला शटलर्स ने बुधवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। दो बार की ओलिंपिक मेडल विनर पीवी सिंधू की अगुआई में भारतीय स्टार्स ने मैच जीते। युवा सनसनी तन्वी शर्मा ने भी टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करके सबको चौंका दिया है।
टूर्नामेंट की तीसरी सीड पीवी सिंधू, तन्वी, मालविका बंसोड, ईशारानी बरुआ और तान्या हेमंत ने शानदार खेल दिखाया। इन सभी भारतीय महिला खिलाड़ियों ने दमदार खेल के दम पर प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इससे भारतीय फैंस बेहद खुश हैं।
पीवी सिंधू और तन्वी शर्मा का बेहतरीन प्रदर्शन
स्टार प्लेयर पीवी सिंधू ने महिला सिंगल्स के पहले दौर में पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार को एकतरफा हराया। उन्होंने सीधे गेम में सिर्फ 32 मिनट के अंदर 21-13, 21-11 से मैच जीता। सिंधू अगले दौर में हमवतन ईशारानी बरुआ से मुकाबला खेलेंगी।
ईशारानी ने एक घंटे से ज्यादा चले कड़े मुकाबले में चीन की हान कियान को 22-20, 10-21, 21-14 से मात दी। वहीं 17 साल की तन्वी शर्मा ने दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को 21-12, 22-20 से हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया।
किरण जॉर्ज हारे पर मिक्स्ड डबल्स में जीत
तन्वी शर्मा का अगला मुकाबला अब हमवतन मालविका बंसोड से होगा। मालविका ने शुरुआती गेम हारने के बाद गजब की वापसी की। उन्होंने थाईलैंड की तोंरुंग सेहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया। भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा है।
पुरुष सिंगल्स में भारत के किरण जॉर्ज को मलेशिया के जस्टिन हो के खिलाफ 19-21, 21-14, 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि, मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव रावत और मनीषा के की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के स्थानीय खिलाड़ियों को 21-13, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
Author: Prem Sharma

