Himachal Pradesh News: उत्तर भारत के राज्यों के बीच लंबे समय से चल रहे गंभीर विवादों के जल्द सुलझने की उम्मीद जगी है। राजधानी शिमला में आगामी 24 जून को उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल बैठक होने जा रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे इस महाबैठक की अध्यक्षता
इस मेगा मीट की अध्यक्षता खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे। इनके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी टेबल पर आमने-सामने बैठेंगे।
इस बार देवभूमि हिमाचल बैठक में पंजाब और हरियाणा के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपना सकता है। राज्य सरकार भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड यानी बीबीएमबी के बकाये का बड़ा मुद्दा उठाएगी। हिमाचल दोनों पड़ोसी राज्यों से अपने हिस्से के 4,200 करोड़ रुपये वसूलेगा।
राज्यों के बीच पानी और सीमा विवाद पर मचेगा घमासान
इस कॉपरेटिव मीटिंग के मुख्य एजेंडे में जल विवाद और अंतरराज्यीय सीमा विवाद रहने वाले हैं। इसी दिन विभिन्न प्रदेशों के टॉप ब्यूरोक्रेट्स की सचिव स्तर की स्थायी समिति की बैठक भी होगी। सभी सरकारों ने इस लीगल फाइट के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पंजाब और हरियाणा के बीच लंबे समय से सतलुज नदी के पानी का बड़ा विवाद चल रहा है। इस बार जल से जुड़े सभी दावे सबसे बड़े एजेंडे के रूप में सामने आएंगे। पंजाब सरकार पानी पर अपने अधिकारों को लेकर एक नई रणनीति बना रही है।
चंडीगढ़ के राजनीतिक गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक पंजाब अपना पक्ष बहुत ही मजबूती से रखेगा। पानी के साथ-साथ राज्यों की लगती सीमाओं का विवाद भी चर्चा में रहेगा। बता दें कि इस काउंसिल की पिछली सफल बैठक हरियाणा के सूरजकुंड में हुई थी।
Reported By: Sunita Gupta

