हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल का ऐतिहासिक दौरा, स्थानीय जनता के लिए की छह बड़ी घोषणाएं

- Advertisement -

Himachal News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल का ऐतिहासिक दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी कठिन समस्याओं को जाना। वह इस अत्यंत पिछड़े क्षेत्र में रात्रि प्रवास करने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बड़ा भंगाल की सभी पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना से जोड़ने का एलान किया। इसके तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। इसके अलावा इस दुर्गम क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए जनरेटर सेट लगाने के निर्देश दिए।

- Advertisement -

बड़ा भंगाल के बच्चों को मिलेगी उच्च शिक्षा के लिए सहायता

मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए विशेष इंसेंटिव देने की बात कही। सरकार बीड़ जैसे नजदीकी क्षेत्रों के स्कूलों को नोडल स्कूल बनाएगी ताकि बच्चे आसानी से शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बड़ा भंगाल को बेहतरीन इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाने को कहा।

प्राकृतिक खेती और भेड़ पालकों के लिए मुख्यमंत्री की बड़ी राहत

सरकार इस क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाए गए राजमाह पर न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान करेगी। कृषि विभाग को किसानों को सभी जरूरी आधुनिक सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। भेड़ पालकों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार उनसे उचित मूल्य पर सीधे मीट की खरीद सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और लोगों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। साल 2011 के बाद इस सुदूर इलाके का दौरा करने वाले वह पहले मुख्यमंत्री हैं। इस विशेष अवसर पर स्थानीय विधायक किशोरी लाल भी उनके साथ मौजूद रहे और उन्होंने भी जनता की मांगें सुनीं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles