Tamil Nadu News: तूतीकोरिन जिले की एक स्थानीय अदालत ने 17 साल की मासूम लड़की के हत्यारे को दोहरी मौत की सजा सुनाई है। इस हैवान ने नाबालिग के साथ पहले बर्बरता से बलात्कार किया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। कोर्ट ने इस मामले को दुर्लभतम माना है।
यह खौफनाक वारदात तूतीकोरिन के एक बेहद सुदूर वेदानथम गांव में घटित हुई थी। पीड़िता शाम के समय खुले में शौच के लिए बाहर गई थी। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे दोषी धर्ममुनीश्वरन ने उसे दबोच लिया था। उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर शव छिपा दिया था।
विंडमिल के अकेले सीसीटीवी कैमरे ने खोला खूनी का राज
शुरुआत में पुलिस को घटना स्थल के आसपास कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद जांच टीम ने वेदानथम गांव और शहर के बीच के रास्तों पर लगे करीब एक हजार घंटे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। तभी एक विंडमिल फार्म में लगे कैमरे से बड़ा सुराग हाथ लगा।
फुटेज में मुख्य आरोपी धर्ममुनीश्वरन 10 मार्च को दोपहर करीब ढाई बजे गांव के भीतर प्रवेश करते हुए साफ दिखाई दिया। यह वारदात के समय से करीब चार घंटे पहले का वक्त था। इसके बाद वह अगली सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव से बाहर भागते हुए भी देखा गया।
फोरेंसिक और डीएनए जांच में पूरी तरह फंस गया कातिल
पुलिस ने फुटेज में दिख रही चेक शर्ट के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। इसके बाद वैज्ञानिक टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाना शुरू किया। आरोपी की शर्ट पर लगे खून के धब्बे पूरी तरह मृतका के ब्लड ग्रुप से मैच कर गए, जिससे पुलिस का शक हकीकत में बदल गया।
इसके साथ ही फॉरेंसिक लैब में हुई अत्याधुनिक डीएनए जांच में पीड़िता के गुप्तांगों से मिले सीमन के नमूने भी दोषी धर्ममुनीश्वरन से पूरी तरह मेल खा गए। इन पुख्ता और अकाट्य वैज्ञानिक सबूतों को अदालत ने अपने ऐतिहासिक फैसले का सबसे बड़ा मुख्य आधार बनाया है।
महज 21 दिन में चार्जशीट और 75 दिन में आया फैसला
इस जघन्य केस में स्थानीय पुलिस प्रशासन ने बेहद तत्परता दिखाई। पुलिस अधिकारियों ने वारदात के महज 21 दिनों के भीतर ही कोर्ट में अपनी विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसी त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के ठीक 75 दिनों के भीतर ही अंतिम फैसला आ गया।
जांच में पता चला कि आरोपी ने वारदात वाली रात रामनाथपुरम के पार्थिबनूर से एक बाइक चुराई थी। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट भी बदल दी थी। वह लगातार कई दिनों से इस चोरी की बाइक से पूरे रास्ते की रेकी कर रहा था।
Author: Raj Thakur

