Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी वोल्वो बस के चालक को दबंगों ने बीच सड़क पर बेरहमी से पीट दिया। सोशल मीडिया पर इस खौफनाक घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
कच्चीघाटी में ओवरटेकिंग के विवाद पर भड़की हिंसा
यह हिंसक घटना शिमला के कच्चीघाटी इलाके में रविवार सुबह पेश आई। दिल्ली से आ रही तेज रफ्तार वोल्वो बस के चालक ने हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया था। बस चालक की यह बात स्कॉर्पियो सवार युवकों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने बीच रास्ते में ही बस को जबरन रुकवा लिया।
गुस्साए स्कॉर्पियो सवारों ने बस के रुकते ही चालक को केबिन से खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने सरेआम चालक पर घूंसे और लात बरसाने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
बालूगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा
वारदात की सूचना मिलते ही थाना बालूगंज की पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। पीड़ित बस चालक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज (33 वर्ष) और विकास कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में ला रहे हैं।
Author: Sunita Gupta


