India News: देश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलते ही पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई इलाकों में लोग सुबह 5 बजे से ही लाइन लगाकर खड़े हो गए। कुछ जगहों पर तो बाइक-कार वाले डिब्बे और बोतल लेकर पंपों की ओर दौड़ पड़े। अफवाह इतनी तेजी से फैली कि कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने का बोर्ड लग गया। हालांकि सरकार और प्रशासन ने साफ किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।
पैनिक की वजह से पंपों पर लगी लंबी कतारें
ईरान-अमेरिका-इजरायल केबीच मिडिल ईस्ट की जंग के चलते भारत में पहले से ही एलपीजी गैस की किल्लत चल रही थी। अब उसी का असर पेट्रोल-डीजल पर पड़ने की अफवाह ने लोगों में दहशत फैला दी। नागपुर में दूसरे दिन भी सैकड़ों लोगों की लाइन लगी और कुछ पंपों पर ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड लग गया। पंप संचालकों के अनुसार, अफवाह फैली है कि पंप बंद होने वाले हैं, इसलिए लोग पैनिक में पहुंच रहे हैं। हैदराबाद में भी यही हाल है। इतनी भीड़ उमड़ी कि कई पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में अफरातफरी
उज्जैन मेंमंगलवार रात को ही लंबी कतारें लग गईं। तेल की किल्लत की अफवाह से पैनिक मच गया। डिमांड इतनी बढ़ी कि एक दर्जन पंप बंद करने पड़े और पुलिस तैनात करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में तेल की कोई कमी नहीं है। इंदौर, देवास, मंदसौर, बुरहानपुर और झाबुआ में भी यही मंजर देखा गया। बुरहानपुर में देर रात बाइक सवारों की भीड़ जुट गई। पंप संचालक समझाते रहे कि पेट्रोल पर्याप्त है, लेकिन लोग नहीं माने। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि बुरहानपुर में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
LPG गैस को लेकर भी अफरातफरी जारी
अयोध्या,आगरा, उदयपुर, वडोदरा और अन्य शहरों में भी पेट्रोल पंपों पर घमासान मचा हुआ है। कुछ जगहों पर रातभर लाइनें लगी रहीं। इसी बीच एलपीजी गैस को लेकर भी अफरातफरी है। नोएडा से लेकर चंडीगढ़ तक गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोग सारा काम छोड़कर एजेंसियों के बाहर रात गुजार रहे हैं। नोएडा के लोगों का कहना है कि कई दिनों से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा। सरकार ने यहां भी साफ किया है कि एलपीजी का कोई संकट नहीं है और लोग अफवाहों में न फंसें।


