Odisha News: ओडिशा के बालासोर जिले में गुरुवार देर रात एक भयानक ट्रेन हादसा होते-होते टल गया। नीलगिरि क्षेत्र के गोपीनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास भारी भरकम क्रेन अचानक दो मालगाड़ियों पर जा गिरी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और रेल यातायात ठप हो गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वहां मौजूद स्लीपर निर्माण इकाई में लोडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान क्रेन अचानक असंतुलित होकर ट्रैक पर खड़ी दो मालगाड़ियों के ऊपर पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार टूटने से रेल सेवा बाधित
क्रेन के गिरते ही रेलवे ट्रैक के ऊपर लगे ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार टूट गए। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह रुक गया। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर कई यात्री ट्रेनों के पहिए जहां के तहां रोक दिए हैं।
हादसे के समय मौके पर जोरदार आवाज हुई जिससे वहां काम कर रहे मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उध भागने लगे। रेलवे की तकनीकी टीम और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन को ट्रैक से हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।
यात्री ट्रेनों के रूट बदले और कई गाड़ियां रद्द
रेलवे की इंजीनियरिंग टीम इस समय क्षतिग्रस्त इलेक्ट्रिक तारों की मरम्मत में जुटी है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही दोबारा शुरू होगी। फिलहाल इस रूट की कुछ यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि कुछ के रूट बदल दिए गए हैं।
रेलवे प्रशासन क्रेन गिरने के असली कारणों की गहराई से जांच कर रहा है। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी या अत्यधिक भार का मामला माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ पाएगी।
Author: Manoj Patnaik


