Gujarat News: भारत के गुजरात राज्य में दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-लोकेशन रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स मौजूद है। यह विशाल जामनगर रिफाइनरी देश की सबसे बड़ी इंडस्ट्रियल यूनिट है। रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होने के कारण इस संवेदनशील ऑयल रिफाइनरी पर पड़ोसी देश पाकिस्तान की हमेशा बुरी नजर रहती है।
मुकेश अंबानी के साम्राज्य का सबसे बड़ा कैश जनरेटर बिजनेस
इस मेगा रिफाइनरी पर देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का पूर्ण मालिकाना हक है। यह सिंगल-साइट रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स जामनगर के पास 7500 एकड़ से अधिक के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। उद्योगपति मुकेश अंबानी के पूरे बिजनेस साम्राज्य के लिए यह प्लांट सबसे बड़ा कैश जनरेटर माना जाता है।
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार यह दुनिया की सबसे जटिल और विशाल रिफाइनरी है। इसकी क्रूड प्रोसेसिंग क्षमता 1.4 मिलियन बैरल प्रति दिन यानी लगभग 22.26 करोड़ लीटर है। इसका कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 21.1 है, जो वैश्विक तेल बाजार में दुनिया में सबसे ज्यादा माना जाता है।
कच्चे तेल के 216 ग्रेड को प्रोसेस करने वाली रिफाइनरी
इस रिफाइनरी ने दुनिया भर में उत्पादित कच्चे तेल के 216 से ज्यादा अलग-अलग ग्रेड को सफलतापूर्व प्रोसेस किया है। ऐसा अद्भुत कीर्तिमान रचने वाली यह दुनिया की इकलौती रिफाइनरी है। यह प्लांट सबसे भारी और खराब गुणवत्ता वाले क्रूड ऑयल को भी उच्च गुणवत्ता वाले ईंधन में बदल देता है।
यह आधुनिक प्लांट भारी कच्चे तेल को पेट्रोल, डीजल और एविएशन फ्यूल जैसे प्रीमियम पेट्रोलियम उत्पादों में बदलने में सक्षम है। इस परिसर में दुनिया की कुछ सबसे बड़ी तकनीकी यूनिट्स काम कर रही हैं। इनमें फ्लूइडाइज़्ड कैटेलिटिक क्रैकर, एल्काइलेशन और कोकर जैसे अत्याधुनिक प्लांट शामिल हैं।
महज 30 महीनों के रिकॉर्ड समय में बनकर हुई तैयार
रिलायंस का यह पेट्रोकेमिकल बिजनेस भारतीय अर्थव्यवस्था को बहुत बड़ी मजबूती देता है। इस रिफाइनरी की शुरुआत साल 1999 में हुई थी। बेहद खास बात यह है कि इस विशाल औद्योगिक इकाई को रिकॉर्ड 30 महीनों के भीतर पूरी तरह तैयार करके चालू कर दिया गया था।
इस परिसर में पैराज़ाइलीन, पॉलीप्रोपाइलीन, रिफाइनरी ऑफ-गैस क्रैकर और पेटकोक गैसीफिकेशन जैसी विशालकाय औद्योगिक इकाइयां चौबीसों घंटे काम करती हैं। अपनी इसी अद्वितीय क्षमता और भारी तेल उत्पादन के कारण यह रिफाइनरी वैश्विक ऊर्जा मानचित्र पर भारत का नाम लगातार रोशन कर रही है।
Author: Rajesh Kumar


