मणिपुर: चुराचंदपुर में 1,800 किलो खसखस और हथियार बरामद, दो गिरफ्तार; चंदेल में मिला एके-47 और मोर्टार

Manipur News: मणिपुर के चुराचंदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और प्रतिबंधित खसखस बरामद हुई है। यह कार्रवाई शुक्रवार को चूड़ाचांदपुर थाना क्षेत्र के टी बंगला एमवीसीपी इलाके में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से एक कार्बाइन, नौ मिमी की एक पिस्तौल, 1,800 किलोग्राम खसखस से भरे 36 बोरे और दो वाहन जब्त किए गए हैं।

चंदेल के जंगलों से भी बरामद हुए हथियार और विस्फोटक

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने चंदेल जिले के चकपिकारोंग थाना क्षेत्र में ताइजांग गांव के वन क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामदगी में एके-47 राइफल, मैगजीन सहित चार देसी बंदूकें, सात मोर्टार, आईईडी बनाने से संबंधित सामग्री और पांच वॉकी-टॉकी सेट शामिल हैं। ये सभी सामान जंगल में छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के अनुसार, ये हथियार अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले थे। दोनों मामलों में सुरक्षा बलों ने स्थानीय इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

जातीय हिंसा के बाद लगातार जारी हैं अभियान

मणिपुर में मई 2023 में मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच भड़की जातीय हिंसा के बाद से ही सुरक्षा बल लगातार तलाशी और सर्च अभियान चला रहे हैं। इस हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे। तब से राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए ये अभियान अब और सख्त कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

Hot this week

Related News

Popular Categories