Tamil Nadu News: भाजपा नेता और अभिनेत्री खुशबू सुंदर के पति सुंदर सी अब राजनीति में कदम रख रहे हैं। नवनिर्मित नीति पार्टी ने उन्हें मदुरै सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। यह पार्टी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और एआईएडीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। राज्य की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। मतों की गिनती 4 मार्च को की जाएगी।
खुशबू ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान, बताया गर्व का क्षण
खुशबूसुंदर ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि निर्देशक और अभिनेता सुंदर सी ने मदुरै से पुथियानिधि कच्ची के उम्मीदवार के रूप में राजनीति में प्रवेश किया है। वह एआईएडीएमके के दो पत्तियों के चुनाव चिह्न पर एनडीए की ओर से चुनाव लड़ेंगे। खुशबू ने बताया कि उनके पति को परिवार और दोस्तों का आशीर्वाद मिला है। वह जीतने और जनता के आदमी बने रहने का वादा करते हैं।
‘मैं गर्व से फूली नहीं समा रही हूं’, पति को लेकर बोलीं खुशबू
अभिनेत्रीने कहा कि एक जीवनसंगिनी के तौर पर वह गर्व से फूली नहीं समा रही हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि जिस व्यक्ति ने पिछले 30 सालों से तमिलनाडु की जनता का मनोरंजन किया है, वह उनके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देगा। खुशबू ने लोगों से समर्थन और विश्वास की कामना की है। उन्होंने बताया कि सुंदर सी डॉक्टर अंबेडकर के मार्गदर्शन और ईपीएस तमिलनाडु के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं।
साउथ सिनेमा के जाने-माने निर्देशक हैं सुंदर सी
सुंदरवेल चिदम्बरम उर्फ सुंदर सीसाउथ सिनेमा के बड़े नामों में शामिल हैं। उन्होंने 37 से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया है। उन्हें कलईमामणि पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह तमिल सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और व्यावसायिक फिल्म निर्माताओं में से एक हैं। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में अरुणाचलम, अंबे सिवम, उल्लाथाई अल्लिथा, विनर, गिरी और अरनमनई सीरीज शामिल हैं।
खुशबू और सुंदर सी की प्रेम कहानी चर्चित रही
खुशबूऔर सुंदर सी की प्रेम कहानी काफी चर्चित रही है। दोनों एक फिल्म के दौरान मिले थे। दोस्ती प्यार में बदल गई और लंबी डेटिंग के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद खुशबू ने अपना सरनेम खान हटाकर खुशबू सी कर दिया। इस दौरान उनके पति पर लव जिहाद का आरोप लगा था। खुशबू ने उस समय लोगों को लताड़ा था और नफरत फैलाने वालों से दूर रहने की अपील की थी। इस कपल की दो बेटियां हैं।


