Mayurbhanj News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के मयूरभंज में ‘विकास की धारा, पूरा ओडिशा’ कार्यक्रम को संबोधित किया। यह भव्य आयोजन राज्य में भाजपा सरकार के सफल दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने ओडिशा को बड़ी सौगातें दीं।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 47,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करके राज्य को बड़ी रफ्तार दी है।
राष्ट्रपति के गांव पहाड़पुर को मिलेगा नया रूप
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा की बेटी का देश के सर्वोच्च पद पर होना गर्व की बात है। पीएम मोदी ने घोषणा की कि राष्ट्रपति के पैतृक गांव पहाड़पुर को अब तेजी से ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
पहाड़पुर गांव के हर घर में सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाई जाएगी। कोणार्क सूर्य मंदिर की तरह अब पहाड़पुर भी वैश्विक मानचित्र पर अक्षय ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में चमकेगा। इससे पहले दोनों नेताओं ने ‘संताली जाहिरा’ और ‘हो जाहिरा’ स्थलों पर पारंपरिक पूजा भी की।
संसाधनों से खुलेगा विकास और रोजगार का रास्ता
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ओडिशा के प्राकृतिक संसाधनों को आर्थिक अवसरों में बदल रही है। राज्य में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए ‘उत्कर्ष ओडिशा’ जैसे प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों से देश-विदेश के बड़े निवेशक अब ओडिशा की तरफ आकर्षित हो रहे हैं।
आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए देश में 500 एकलव्य मॉडल स्कूल खोले गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा इस समय त्योहारों के जश्न में डूबा है। रथ यात्रा की तैयारियों के बीच लोकतंत्र और विकास का यह उत्सव बेहद खास है।
Author: Manoj Patnaik


