IMD Weather Update: देश में मौसम के दो भयानक रंग, एक तरफ आंधी-तूफान का अलर्ट तो दूसरी तरफ तपाएगी जानलेवा लू

India Weather News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के मौसम को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला अनुमान जताया है। देश में इस समय मौसम के दो बिल्कुल विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां 24 राज्यों में आंधी और भारी बारिश आफत मचाएगी, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में भीषण लू का जानलेवा प्रकोप शुरू होने वाला है।

अंडमान में मानसून की एंट्री, 26 मई तक केरल पहुंचने की उम्मीद

मौसम विभाग ने देश में मानसून के आगमन की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और अंडमान सागर में धमाकेदार एंट्री ले ली है। इसके साथ ही निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में मौसम बदल गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी 26 मई तक मानसून केरल के तट पर दस्तक दे देगा।

हालांकि इस साल अल नीनो के मजबूत होने से चिंता भी बढ़ गई है। इसके प्रभाव के कारण देश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। कम बारिश होने की वजह से मैदानी इलाकों में इस साल गर्मी अपने पिछले सारे रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। प्रशासन ने लोगों को अभी से सचेत रहने की सलाह दी है।

इन राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का रेड अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से कई राज्यों में मौसम खराब रहेगा। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 22 मई तक भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत के केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक और तमिलनाडु में 20 मई तक मौसम बेहद खराब रहेगा। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की से बहुत भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी पानी गिरेगा।

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा पारा, इन राज्यों में चलेगी भीषण लू

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस हफ्ते भीषण गर्मी का टॉर्चर झेलना पड़ेगा। राजधानी में 22 मई तक अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि आज दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान दिल्ली में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने देश के मैदानी इलाकों के लिए भीषण लू और उमस का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 मई को भयंकर लू चलने की आशंका है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी 19 से 22 मई के बीच जानलेवा लू का प्रकोप रहेगा। पंजाब और हरियाणा में भी उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल करेगी।

Hot this week

Related News

Popular Categories