अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट की आज बड़ी बैठक, चंपत राय के इस्तीफे और सुरक्षा पर होगा अहम फैसला

Ayodhya News: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। दोपहर तीन बजे मणिराम छावनी में महंत नृत्य गोपालदास की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

- Advertisement -

चंपत राय और डॉ अनिल मिश्रा के भविष्य पर आज होगा फैसला

इस हाई-प्रोफाइल बैठक में इस बात पर मुख्य रूप से चर्चा होगी कि दोनों पदाधिकारियों को केवल उनके वर्तमान पदों से मुक्त किया जाए या फिर उन्हें पूरी तरह ट्रस्ट से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। हालांकि, अंदरूनी सूत्रों के अनुसार चंपत राय का केवल महासचिव पद से इस्तीफा स्वीकार होने और उनके सदस्य बने रहने की प्रबल संभावना है।

ट्रस्ट के भीतर इस मुद्दे को लेकर धड़ेबंदी और लॉबिंग काफी तेज हो गई है। कई वरिष्ठ पदाधिकारी चंपत राय को पूरी तरह निर्दोष मान रहे हैं और उनके पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। शनिवार को अयोध्या के संत समाज ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चंपत राय का खुलकर समर्थन किया था।

पदेन सदस्यों को ट्रस्ट की बैठक में वोट देने का अधिकार नहीं होता है, वे केवल अपनी सलाह दे सकते हैं। इस वजह से इस्तीफे पर अंतिम निर्णय केवल नियमित सदस्यों के बहुमत के आधार पर ही लिया जाएगा। इस बड़े फैसले को देखते हुए देश भर के आमंत्रित सदस्यों का रविवार से ही अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।

- Advertisement -

अयोध्या में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम और मीडिया पर पाबंदी

इस विवाद के बीच पहली बार ट्रस्ट के सदस्यों की सुरक्षा के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी वीआईपी सदस्यों के ठहरने वाले गेस्ट हाउस और बैठक स्थल मणिराम छावनी के आसपास अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए आम जनता का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। बैठक स्थल के चारों तरफ दो सौ मीटर का मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इस बार मीडिया को भी बैठक से दूर रखा गया है और बैठक के निर्णयों की जानकारी केवल वीडियो रिकॉर्डिंग या प्रेस रिलीज के जरिए दी जाएगी।

बैठक में शामिल होने के लिए स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, दंडी स्वामी युगपुरुष परमानंद और ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि अयोध्या पहुंच चुके हैं। जगद्गुरु माधवाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ भी विशेष विमान से पहुंच रहे हैं। हालांकि, भवन-निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र के कार्यक्रम में अचानक बदलाव होने से उनकी कार एयरपोर्ट से खाली लौट आई।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles