Siliguri News: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल की कक्षा में लगी शुभेंदु अधिकारी की तस्वीर पर पेशाब करने और उनकी मां को गाली देने का वीडियो वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद पुलिस ने त्वरित ऐक्शन लेते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी छात्र 11वीं कक्षा का छात्र है और उसकी उम्र केवल 17 वर्ष है। यह पूरी घटना सिलीगुड़ी के मशहूर तराई तारापद आदर्श विद्यालय की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
टिफिन ब्रेक के दौरान क्लासरूम में रील बनाने के चक्कर में की शर्मनाक हरकत
यह घटना उस समय हुई जब शिक्षक कक्षा में मौजूद नहीं थे। टिफिन ब्रेक के दौरान यह छात्र अपने कुछ दोस्तों के साथ मोबाइल पर रील बनाने में व्यस्त था। वायरल वीडियो में वह शुभेंदु अधिकारी की तस्वीर पर पेशाब करते और थूकते हुए साफ नजर आ रहा है। साथ ही वह बेहद अश्लील शब्दों का इस्तेमाल भी कर रहा है।
वीडियो इंटरनेट पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद स्कूल की छुट्टी होने पर जब छात्र सूर्य सेन कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों को इस बात की जानकारी मिल गई। डबग्राम मैदान के पास गुस्साई भीड़ ने आरोपी छात्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गुस्साई भीड़ ने छात्र पर फेंके अंडे, पुलिस ने आरोपी को किशोर न्यायालय भेजा
भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर सिलीगुड़ी पुलिस ने छात्र को तुरंत अपनी कस्टडी में लिया। सिलीगुड़ी के पुलिस आयुक्त सैयद वकार राजा ने बताया कि आरोपी पूरी तरह नाबालिग है। पुलिस ने उसके खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे किशोर न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) भेज दिया है।
स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक नाथ ने इस पूरी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि स्कूल में मोबाइल फोन लाने पर सख्त प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद छात्र फोन कैसे अंदर लेकर आया, इस गंभीर लापरवाही की आंतरिक जांच की जा रही है।

