Miami News: अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) के अधिकारियों ने मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक माल गोदाम पर बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने डोमिनिकन गणराज्य से भारत भेजी जा रही 22 किलोग्राम से अधिक कोकीन हाइड्रोक्लोराइड जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 15 लाख अमेरिकी डॉलर है।
म्यूजिक सिस्टम के भीतर छुपाकर रखे गए थे मादक पदार्थ के पैकेट
आधिकारिक बयान के अनुसार, तस्करों ने इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ को ‘संगीत उपकरण’ के रूप में चिह्नित एक पार्सल के भीतर छिपाया था। सीबीपी अधिकारियों को गहन जांच के दौरान चार बड़े स्पीकर और दो एम्प्लीफायर के अंदर छुपाकर रखे गए सफेद पाउडरनुमा पदार्थ के आठ पाउच और चार पैकेट बरामद हुए।
गोदाम में मौजूद अधिकारियों ने जब इस संदिग्ध पाउडर की मौके पर ही वैज्ञानिक जांच की, तो इसमें उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन हाइड्रोक्लोराइड होने की पुष्टि हुई। जब्त किए गए नशीले पदार्थ का कुल वजन 22.35 किलोग्राम मापा गया है, जिसे तुरंत सीबीपी ने अपने कब्जे में ले लिया।
फीफा विश्व कप को लेकर चल रहे विशेष अभियान में मिली सफलता
अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा यह बड़ी कामयाबी ‘ऑपरेशन स्ट्राइकर शील्ड’ के तहत हासिल की गई है। यह विशेष अभियान आगामी फीफा विश्व कप के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए विशेष रूप से शुरू किया गया है।
सीबीपी के मियामी और टैंपा क्षेत्रीय संचालन निदेशक डेनियल अलोंसो ने इस बड़ी सफलता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह जब्ती हमारी सीमाओं को सुरक्षित रखने और खतरनाक नशीले पदार्थों को देश तथा विदेशों में आम लोगों तक पहुंचने से रोकने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

