Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जहां आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, वहीं एक अनोखी शादी ने हर किसी का ध्यान खींच लिया। कैट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में भारी जलभराव के बीच हुई इस शादी के वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
गार्डन में पानी भरने की वजह से शादी के मंडप के चारों ओर तालाब जैसा नजारा बन गया था। इस कारण वैवाहिक रस्में निभाने मे काफी मुश्किलें आ रही थीं। लेकिन मौसम की यह बेरुखी भी दूल्हा-दुल्हन के उत्साह को कम नहीं कर पाई और सभी रस्में धूमधाम से पूरी की गईं।
जलमग्न मंडप में दूल्हे ने दुल्हन को गोद में उठाया
कैट रोड के इस गार्डन में दुल्हन पूर्वा और दिल्ली के रहने वाले वैभव की शादी किसी फिल्मी सीन जैसी नजर आई। तेज बारिश से विवाह स्थल पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया था। मेहमान पानी से बचते हुए जैसे-तैसे भोजन काउंटर तक पहुंचे, जबकि चारों तरफ जूते-चप्पल तैर रहे थे।
इस शादी का सबसे यादगार पल तब आया जब दूल्हे वैभव ने दुल्हन पूर्वा को अपनी गोद में उठा लिया। वह दुल्हन को गोद में लेकर पानी से भरे मंडप तक पहुंचे। दोनों ने बरसते पानी के बीच ही पवित्र सात फेरे लिए। शादी संपन्न होने के बाद भी दूल्हा दुल्हन को गोद में लेकर ही वापस आया।
अधिकमास के कारण जुलाई में भी हो रही शादियां
इंदौर में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई के पहले सप्ताह में ही महीने की आधी से ज्यादा बारिश दर्ज हो चुकी है। इस बार अधिकमास होने की वजह से जुलाई के महीने में भी विवाह के शुभ मुहूर्त निकले हैं।
यही वजह है कि भारी मानसूनी बारिश और जलभराव के बावजूद इंदौर में शादियों का सिलसिला लगातार जारी है। सोशल मीडिया पर लोग इस नवविवाहित जोड़े के हौसले और उनकी इस अनोखी शादी की खूब चर्चा कर रहे हैं। यह अनूठी शादी पूरे शहर में कौतूहल का विषय बन गई है।

