Himachal Pradesh News: ओमान तट पर अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी मर्चेंट नेवी कैडेट आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर वीरवार को उनके पैतृक गांव भालू पहुंचा। माता-पिता जिस लाडले के सिर पर शादी का सेहरा देखना चाहते थे, उसकी लाश देखकर पूरा इलाका रो पड़ा। पिता ने रुंधे गले से अंतिम संस्कार से पहले बेटे को सेहरा बांधा।
ओमान तट पर अमेरिकी मिसाइल अटैक में गई जान
ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के थमने के बाद आदित्य का शव उनके घर पहुंचा। नौ दिन पहले अमेरिका ने ओमान के पास एक समुद्री जहाज पर मिसाइल से हमला किया था। इस भयानक हमले में आदित्य शर्मा समेत तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। इस दुःखद घटना से पूरे हमीरपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने उठाया गंभीर मुद्दा
आदित्य शर्मा ने महज नौ महीने पहले ही अपनी नई नौकरी ज्वाइन की थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। मृतक के पिता राजेश शर्मा ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी बैठक में इस गंभीर मामले को प्रमुखता से उठाकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने दी अंतिम विदाई और न्याय का आश्वासन
हमीरपुर की उपायुक्त गंधर्व राठौर जिला प्रशासन की तरफ से मृतक कैडेट के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि यदि वे मामले की उच्च स्तरीय जांच चाहते हैं, तो प्रशासन उनकी मांग को विदेश मंत्रालय तक पहुंचाएगा। इसके बाद आदित्य के चचेरे भाई ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
Reported By: Sunita Gupta

