रेवाड़ी में टला बड़ा रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन का इंजन डिब्बों को छोड़कर आगे निकला

- Advertisement -

Rewari News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मंगलवार को एक बहुत बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। यहां दिल्ली से श्रीगंगानगर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 14030 का इंजन अचानक डिब्बों से अलग होकर ट्रैक पर काफी आगे निकल गया। यह अजीबोगरीब घटना किशनगढ़ बालावास रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

कपलिंग हुक टूटने से इंजन और डिब्बों का संपर्क हुआ खत्म

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के इंजन और बोगियों को आपस में जोड़ने वाला कपलिंग हुक अचानक बीच रास्ते में ही टूट गया। हुक टूटने के कारण इंजन का डिब्बों से संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया। इसके बाद कुछ दूरी तक मुख्य इंजन बिना डिब्बों के ही ट्रैक पर रफ्तार में आगे चलता रहा, जबकि बोगियां पीछे ही रुक गईं।

- Advertisement -

काफी आगे जाने के बाद जब लोको पायलट को इस बड़ी तकनीकी खराबी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत सूझबूझ दिखाई। लोको पायलट सावधानी से इंजन को रिवर्स चलाकर वापस डिब्बों के पास लेकर आया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों की मदद से डिब्बों को इंजन से दोबारा सुरक्षित रूप से जोड़कर ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया।

यात्रियों को नहीं लगा झटका, सूझबूझ से बची सैकड़ों जान

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब चलती ट्रेन से इंजन अलग हुआ, तो बोगियों में बैठे यात्रियों को कोई तेज झटका महसूस नहीं हुआ। कुछ दूरी तय करने के बाद जब डिब्बे रेलवे ट्रैक पर पूरी तरह रुक गए, तब यात्रियों ने खिड़की से बाहर निकलकर देखा। सामने इंजन को काफी आगे जा चुका देख सभी दंग रह गए।

इस पूरी घटना की सूचना मिलते ही उत्तर पश्चिम रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह एक बड़ा संयोग था कि उस समय उस ट्रैक पर पीछे से कोई दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन या मालगाड़ी नहीं आ रही थी, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles