Bengaluru News: भारतीय इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार की दिग्गज कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का पंजीकरण पिछली तिमाही के मुकाबले लगभग दोगुना हो गया है। खुदरा बिक्री व्यवस्था में सुधार, उत्पादों की बेहतर उपलब्धता और बाजार में लगातार बनी मजबूत मांग को इस बड़ी सफलता की मुख्य वजह माना जा रहा है।
वाहन पोर्टल के आंकड़ों में दिखा ओला इलेक्ट्रिक का जलवा
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी ने सरकारी पंजीकरण मंच ‘वाहन’ के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बुधवार को यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी के कुल 43,719 वाहनों का पंजीकरण दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा पिछली जनवरी-मार्च तिमाही में पंजीकृत हुई 22,252 इकाइयों के मुकाबले करीब दो गुना अधिक है।
इसके साथ ही, केवल जून के महीने में ही कंपनी के 16,144 वाहनों का पंजीकरण हुआ है, जो हाल की तिमाहियों का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है। इस जबरदस्त प्रदर्शन से साफ है कि ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री में लगातार सुधार का सिलसिला जारी है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने इस सफलता पर कहा कि यह तेजी हमारे परिचालन सुधारों, मजबूत उत्पाद खंड और ओला के प्रति ग्राहकों की निरंतर पसंद का परिणाम है।

