Prayagraj News: रुदापुर देवनहरी के जनता इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान फूलपुर, सहसों, बहादुरपुर और बहरिया विकासखंड के 92 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में 90 हिंदू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार और दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूरी सादगी से हुआ।
विवाह स्थल को भव्य मंडप और आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया था। नवदंपतियों के चेहरे पर खुशी और परिजनों में उत्साह का माहौल था। विवाह के बाद ब्लॉक प्रमुख गीता सिंह ने जोड़ों को सरकारी उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत और सम्मान का माध्यम बनी है।
गरीब परिवारों के लिए वरदान बनी सरकार की योजना
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी रामशंकर पटेल समेत तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। योजना ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों का आत्मविश्वास बढ़ाया है, जिससे अब बेटियों का विवाह बिना किसी आर्थिक बोझ के सम्मानजनक रूप में संभव हो गया है।
समारोह में शामिल कई परिवारों ने इसे अपने लिए एक बड़ा वरदान बताया है। बारो की अफसाना बानो और बहरिया की शीला देवी जैसे अभिभावकों ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें शादी की बहुत चिंता थी। प्रशासन और सरकार की इस पहल ने न केवल उनकी बड़ी चिंता दूर की, बल्कि सम्मानपूर्वक शादी भी संपन्न करवाई।
लालजी और अन्य स्थानीय निवासियों ने बताया कि मजदूरी कर परिवार चलाना पहले मुश्किल था, लेकिन इस सरकारी सहयोग ने सब आसान बना दिया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकार निरंतर कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। यह आयोजन सामाजिक समरसता की एक नई मिसाल बनकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।

