Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक सनसनीखेज घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। यहां दुलैहर गांव में एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी सगे बहन पर आरी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवती के कान के पास गंभीर चोटें आई हैं।
मां को गाली देने से टोकने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित युवती ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसका भाई कमरे से बाहर आया। वह बिना किसी वजह के अपनी मां से गाली-गलौज करने लगा। इससे घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और अफरा-तफरी मच गई।
युवती ने जब भाई को मां के साथ बुरा बर्ताव करने से रोका, तो आरोपी गुस्से से लाल हो गया। उसने पास ही पड़ी आरी उठाई और बहन पर वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवती बुरी तरह घायल हो गई और जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी।
शोर सुनकर जब घर की बुजुर्ग दादी और चाचा बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपी ने उनके साथ भी जमकर हाथापाई की। इस मारपीट में चाचा और दादी को भी काफी चोटें आईं। घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए दुलैहर के लोकल कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किया पीड़िता का बयान
हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने तुरंत इस वारदात की जानकारी पुलिस टीम को दी। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया गया है। डॉक्टरों ने अंदरूनी चोट की जांच के लिए मरीज का एक्स-रे और हेड सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है।
पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल लीगल केस रिपोर्ट तैयार कर उसका बयान दर्ज किया है। इस शिकायत के आधार पर तहलीवाल पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस घटना के सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर रही है।

