Mumbai News: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और उनके पनवेल फार्महाउस के पड़ोसी केतन कक्कड़ के बीच चल रहा कानूनी विवाद एक बार फिर चर्चा में है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए केतन कक्कड़ को सोशल मीडिया से विवादित पोस्ट हटाने पर विचार करने की सख्त सलाह दी है।
अदालत ने सुनवाई के दौरान मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कोई भी व्यक्ति किसी के खिलाफ मानहानिकारक बातें लिखे। चाहे सामने वाला व्यक्ति कोई बड़ी सेलिब्रिटी ही क्यों न हो, उसकी प्रतिष्ठा को ठेस नहीं पहुंचाई जा सकती है।
न्यायमूर्ति शर्मिला देशमुख की एकल पीठ ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई की। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के व्यक्तिगत या संपत्ति विवाद को सोशल मीडिया पर लड़ने के बजाय उचित कानूनी मंचों का सहारा लेकर सुलझाया जाना चाहिए।
जानिए क्या है सलमान खान और पड़ोसी का पूरा विवाद?
यह पूरा विवाद सलमान खान के पनवेल स्थित फार्महाउस के पास जमीन रखने वाले केतन कक्कड़ के आरोपों से शुरू हुआ था। केतन ने आरोप लगाया था कि अभिनेता ने अपने फार्महाउस के निर्माण के दौरान पर्यावरण नियमों का जमकर उल्लंघन किया और उनके घर का रास्ता भी पूरी तरह रोक दिया।
दूसरी तरफ सलमान खान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए केतन कक्कड़ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अभिनेता का आरोप है कि केतन द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और बयान उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाले और सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ हैं।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान चिंता जताते हुए यह भी सवाल उठाया कि क्या न्यायालय का कीमती समय केवल यही तय करने में खर्च होना चाहिए कि कौन सा पोस्ट मानहानिकारक है या नहीं। अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 जुलाई की तारीख तय की है।
साल 2025 में पर्सनालिटी राइट्स प्रोटेक्ट करा चुके हैं सलमान
अभिनेता सलमान खान अपने नाम, आवाज और तस्वीरों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए पहले ही कानूनी सुरक्षा ले चुके हैं। पिछले साल 11 दिसंबर 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में एक बड़ा सुरक्षात्मक आदेश जारी किया था, जो उनके व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़ा था।
जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया था कि वे अभिनेता की अनुमति के बिना उनके व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाएं। इस आदेश के बाद सलमान खान भी देश के उन चुनिंदा कलाकारों की सूची में शामिल हो गए थे, जिन्हें यह विशेष अधिकार प्राप्त है।
Author: Manisha Thakur


