Cuttack News: ओडिशा के कटक में आस्था और आधुनिक सिनेमाई तकनीक का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का आधिकारिक ट्रेलर पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज के करकमलों द्वारा लॉन्च किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर दस हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे।
दस हजार श्रद्धालुओं के बीच बना अनोखा रिकॉर्ड
यह भव्य आयोजन कटक में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान संपन्न हुआ। कथा के पंडाल में लगी विशाल स्क्रीन पर जैसे ही फिल्म की पहली झलक दिखाई गई, पूरा माहौल जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा। यह भारत की किसी भी एनिमेटेड फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा फिजिकल ट्रेलर लॉन्च इवेंट बन गया है।
फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ भगवान जगन्नाथ के जीवन और महिमा पर आधारित देश की पहली पैन-इंडिया थियेट्रिकल एनिमेटेड फिल्म है। विश्वस्तरीय विजुअल्स और एनीमेशन के माध्यम से यह फिल्म भारतीय संस्कृति और हमारी सनातन विरासत को नई पीढ़ी के बच्चों के लिए बेहद रोचक, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक रूप में पेश करती है।
निर्माता दुर्गा प्रसाद दलई ने जताया आभार
ट्रेलर को मिले शानदार रिस्पॉन्स से भावुक होकर फिल्म के निर्माता और एले एनिमेशंस के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दस हजार लोगों को एक साथ भक्ति रस में डूबे देखना बेहद सुखद रहा। हमारी कोशिश अगली पीढ़ी को एक भव्य सिनेमाई अनुभव के जरिए अपनी पुरानी जड़ों से जोड़े रखना है।
यह महत्वाकांक्षी फिल्म पोगो चैनल के बेहद लोकप्रिय शो ‘जय जगन्नाथ’ की बड़ी सफलता के बाद अगला कदम है। इस बड़े प्रोजेक्ट का कुशल निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है। फिल्म की मुख्य पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं, जबकि संगीतकार अविरल कुमार ने इसमें बेहद भावपूर्ण भक्ति संगीत दिया है।
10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में होगी रिलीज
श्रीमद्भागवत कथा के पावन मंच से मिली दिव्य ऊर्जा और प्रशंसकों के अपार प्यार के बाद अब यह फिल्म थियेटर्स में तहलका मचाने को तैयार है। फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ आगामी 10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में एक साथ हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में भव्य रूप से रिलीज होने जा रही है।

