Prayagraj Crime: कोचिंग में अकेली पाकर 10 साल की मासूम से शिक्षक ने की घिनौनी हरकत, भड़के परिजनों ने सरेआम सिखाया सबक

Uttar Pradesh News: प्रयागराज जिले के नैनी इलाके में गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे कोचिंग शिक्षक ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 10 साल की मासूम छात्रा के साथ अश्लील हरकत की।

इस घिनौनी करतूत का पता चलते ही पीड़ित बच्ची के परिजनों और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को दबोच लिया। भीड़ ने सरेआम उसकी जमकर धुनाई कर दी। पिटाई के बाद लोगों ने आरोपी को तुरंत स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

मासूम को अकेली पाकर शिक्षक की नीयत डोली

पूरी घटना नैनी कोतवाली क्षेत्र के दांडी इलाके की है। पीड़ित मासूम छात्रा रोजाना की तरह अपने भाई के साथ कोचिंग सेंटर गई थी। भाई उसे वहां छोड़कर वापस घर लौट आया था। उस वक्त कोचिंग सेंटर में दूसरा कोई छात्र मौजूद नहीं था।

कोचिंग में बच्ची को अकेली पाकर आरोपी शिक्षक की नीयत खराब हो गई। उसने अकेलेपन का फायदा उठाते हुए मासूम के साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। डरी हुई बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।

बच्ची के चिल्लाने पर घबराया शिक्षक वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इस बीच डरी-सहमी मासूम किसी तरह दौड़कर अपने घर पहुंची। उसने रोते हुए अपने माता-पिता को शिक्षक की इस बेहद शर्मनाक और घिनौनी हरकत की पूरी जानकारी दी।

गुस्साए ग्रामीणों ने कोचिंग घेरकर की जमकर धुनाई

मासूम की आपबीती सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत कोचिंग सेंटर पहुंच गए। उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी शिक्षक को मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।

गुस्साई भीड़ ने मर्यादा भूलने वाले शिक्षक को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। परिजनों ने बताया कि बच्ची पिछले तीन साल से उसी कोचिंग में पढ़ने जा रही थी। पहले कभी भी ऐसी कोई अप्रिय या संदिग्ध वारदात नहीं हुई थी।

छात्रा के पिता ने नैनी कोतवाली पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित तहरीर दी है। नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories