Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में एक पिता द्वारा समय पर खाना खाने की मामूली डांट एक हंसते-खेलते परिवार के लिए काल बन गई। सलारा मोहल्ले के रहने वाले एक 22 वर्षीय युवक ने इस डांट से नाराज होकर सुसाइड कर लिया। शनिवार सुबह मानसरोवर पार्क में उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक युवक की पहचान सलारा मोहल्ला निवासी भूपेंद्र सिंह के बेटे कपिल के रूप में हुई है। कपिल ने केवल आठवीं क्लास तक पढ़ाई की थी और वह घर पर ही रहता था। उसने अपने पर्सनल खर्चों के लिए मोहल्ले में पतंग बेचने की एक छोटी सी शॉप खोल रखी थी।
बिना खाना खाए बाहर जाने पर पिता ने टोका था
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कपिल अक्सर अपनी मर्जी से घर से बाहर चला जाता था और अगले दिन वापस लौटता था। शुक्रवार को भी वह बिना खाना खाए घर से बाहर जाने लगा, तो पिता भूपेंद्र सिंह ने उसे डांटते हुए समय पर खाना खाने की आदत डालने की सलाह दी थी।
पिता की यह छोटी सी डांट कपिल के दिल पर लग गई और वह गुस्से में सीधे मानसरोवर पार्क पहुंच गया। वहां उसने सल्फास नामक जहरीला केमिकल निगल लिया। शनिवार की सुबह जब लोकल लोग पार्क में टहलने पहुंचे, तो वहां युवक की डेड बॉडी संदिग्ध हालत में पड़ी मिली।
पार्क में शव मिलने के बाद पुलिस कर रही जांच
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। इस अचानक हुई ट्रेजेडी के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।

