Haryana News: प्रदेश के पहले स्वर्ण मंदिर के रूप में प्रसिद्ध पहाड़ी माता मंदिर के चढ़ावे में आए आभूषणों की हेराफेरी का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। शुक्रवार देर रात लोहारू थाना पुलिस ने मंदिर प्रबंधन से जुड़े एक पूर्व कर्मचारी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
इससे पहले अतिरिक्त उपायुक्त बाबूलाल करवा के समक्ष करीब दो घंटे तक मामले से जुड़े सभी पक्षों की गहन सुनवाई हुई। प्रशासन ने उपलब्ध दस्तावेजों और शिकायतों पर विचार करने के बाद अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंपी, जिसके आधार पर देर रात तुरंत पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
आरोपी के घर से आभूषण बरामद, जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी के घर से पहले की गई कार्रवाई में करीब 13 तोले सोना, चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुआ था। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि बरामद सामान, दस्तावेजों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा सके।
धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे में आने वाले बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा को लेकर देशभर में समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। अयोध्या राम मंदिर में सामने आए आभूषण प्रकरण के बाद अब पहाड़ी माता मंदिर का यह गंभीर मामला भी पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच एजेंसियों के पास उपलब्ध मंदिर परिसर और धर्मशाला की सीसीटीवी फुटेज इस जांच का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई हैं। पुलिस घटनाक्रम के क्रम, चढ़ावे की गणना प्रक्रिया और आभूषणों के आवागमन का मिलान उपलब्ध रिकॉर्ड से कर रही है, जिससे डिजिटल साक्ष्य कड़ियां जोड़ने में मदद करेंगे।
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि चढ़ावे की गणना, सुरक्षा और रिकॉर्ड के रखरखाव में उस समय किन-किन लोगों की जिम्मेदारी थी। जांच के दायरे में कई अन्य लोग भी आ सकते हैं। वहीं, मामले के शिकायतकर्ता नरेश पहाड़ी ने अपने ऊपर दबाव बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

