गोरखपुर में शादी के नाम पर बड़ी ठगी, जयमाल के तुरंत बाद नकली पुलिस बनकर आए बदमाशों ने दूल्हे के परिवार को लूटा

- Advertisement -

Uttar Pradesh News: गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शादी करने आए राजस्थान के एक परिवार को ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह ने अपनी साज़िश का शिकार बना लिया। इस शातिर गिरोह ने पहले तो बड़े ही नाटक अंदाज़ में शादी की रस्में पूरी करवाईं और फिर जयमाल होते ही नकली पुलिस बनकर पूरे परिवार से लाखों रुपये लूट लिए।

यह पूरा मामला राजस्थान के कोटा शहर से शुरू हुआ था। कोटा के रहने वाले मुकेश मीणा अपने भाई ब्रह्ममोहन मीणा की शादी के लिए काफी समय से लड़की तलाश रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क हरियाणा के एक बिचौलिया राजू शर्मा से हुआ। राजू ने मुकेश को गोरखपुर की रहने वाली लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं, जिसके बाद लड़की वालों के बुलावे पर पूरा परिवार 12 मार्च को गोरखपुर पहुंचा।

- Advertisement -

जयमाल के तुरंत बाद नकली सब-इंस्पेक्टर की एंट्री से मचा हड़कंप

पीड़ित परिवार के गोरखपुर पहुंचते ही इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड अंकुर सिंह सक्रिय हो गया। साज़िश के तहत एक स्थानीय महिला को लड़की की नकली मौसी बनाकर पेश किया गया था। विवाह स्थल पर जैसे ही दूल्हा-दुल्हन का जयमाल संपन्न हुआ, वैसे ही वहां अचानक पुलिस की फर्जी रेड पड़ गई। गिरोह का मुख्य सरगना अंकुर सिंह खुद सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) की वर्दी पहनकर आया था।

इस नकली दरोगा के साथ तीन अन्य बदमाश भी सिपाही और होमगार्ड की वर्दी में मुस्तैद दिखे। इन फर्जी पुलिसवालों ने आते ही इस शादी को पूरी तरह अवैध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने दूल्हे और उसके भाई को तुरंत जेल भेजने और कानूनी केस में फंसाकर पूरी जिंदगी बर्बाद करने की सीधी धमकी दी।

जेल भेजने की धमकी देकर वसूली मोटी रकम और आठ आरोपी गिरफ्तार

अजनबी शहर में कानूनी कार्रवाई और बदनामी के डर से दूल्हे का पूरा परिवार बुरी तरह डर गया। बदमाशों ने इसी खौफ का फायदा उठाया और केस रफा-दफा करने के नाम पर मोटी रकम वसूल कर ली। इसके बाद वे दुल्हन को भी अपने साथ लेकर वहां से तुरंत फरार हो गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित परिवार ने राजस्थान लौटकर जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज कराई।

चूंकि मामला गोरखपुर का था, इसलिए केस डायरी चिलुआताल थाने ट्रांसफर की गई। गोरखपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और नकली दरोगा अंकुर सिंह सहित गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में वह दुल्हन (नीलम) भी शामिल है, जिसने स्टेज पर दूल्हे को वरमाला पहनाई थी। पुलिस ने लोगों को अंजान बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles