Delhi News: देशभर के स्कूलों में भीषण गर्मी को देखते हुए समर वेकेशन की घोषणा शुरू हो गई है। कई राज्यों में छुट्टियां लागू हो चुकी हैं, जबकि कुछ राज्यों में जून से स्कूल बंद होंगे। दिल्ली और राजस्थान में स्कूल बंद हो चुके हैं, जिससे बच्चों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश में इस बार मिलेंगी कम छुट्टियां
उत्तर प्रदेश के स्कूली बच्चों के लिए इस बार एक चौंकाने वाली खबर आई है। राज्य में आमतौर पर हर साल 42 दिनों की लंबी ग्रीष्मकालीन छुट्टियां मिलती थीं। लेकिन इस साल सरकार ने छुट्टियों की अवधि को घटाकर केवल 27 दिन कर दिया है। स्कूल अब 20 मई से 15 जून तक ही बंद रहेंगे।
बिहार और हरियाणा में इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल
बिहार और हरियाणा के स्कूलों में छुट्टियों की तारीखें पूरी तरह साफ हो गई हैं। बिहार में इस बार 1 जून से 20 जून तक केवल 20 दिनों के लिए स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, हरियाणा सरकार ने छात्रों को राहत देते हुए 1 जून से 30 जून तक पूरे एक महीने स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।
अन्य राज्यों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की स्थिति
देश के अन्य प्रमुख राज्यों जैसे छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अप्रैल महीने से ही छुट्टियां चल रही हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी चिलचिलाती गर्मी के कारण स्कूल पहले ही बंद किए जा चुके हैं। राजस्थान में 17 मई से 20 जून तक कुल 35 दिनों का अवकाश घोषित किया गया है।
लंबे समय तक पढ़ाई करने के बाद बच्चों को इन वार्षिक छुट्टियों का हमेशा बेसब्री से इंतजार रहता है। इस खाली समय में छात्र अपने परिवार के साथ बाहर घूमने जाने की योजना बनाते हैं। गर्मी की छुट्टियों से बच्चों को मानसिक थकान से मुक्ति मिलती है और वे नए सत्र के लिए तरोताजा हो जाते हैं।
Author: Rashmi Sharma

