Career News: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी कल यानी रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित होने जा रही है। इस साल रिकॉर्ड 22.7 लाख अभ्यर्थी डॉक्टर बनने का सपना लेकर परीक्षा में शामिल होंगे। पेपर लीक की घटनाओं के बाद इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) सेना की मदद से अतिरिक्त सुरक्षा के बीच परीक्षा आयोजित कर रही है।
कुल अभ्यर्थियों में से लगभग 34.4 प्रतिशत छात्र सिर्फ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान राज्यों से हैं। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से ही केंद्रों पर शुरू कर दी जाएगी।
एंट्री टाइम और जरूरी डॉक्यूमेंट्स
सभी परीक्षार्थियों को ध्यान रखना होगा कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी कीमत पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ नीट एडमिट कार्ड की दो प्रतियों के अलावा सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म और अंडरटेकिंग फॉर्म भरकर लाना अनिवार्य है।
इसके साथ ही दो पासपोर्ट साइज फोटो (सफेद बैकग्राउंड वाली) और एक मूल सरकारी पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या कोई अन्य वैध फोटो आईडी साथ लाना होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर सिर्फ एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी, पेन केंद्र पर ही मिलेगा।
नीट यूजी 2026 का सख्त ड्रेस कोड
एनटीए ने बिना मेटल वाले हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। लड़कों और लड़कियों दोनों को आधी बाजू की शर्ट, टी-शर्ट या कुर्ती पहननी होगी। पूरी बाजू या ऊनी कपड़े पहनने पर चेकिंग में ज्यादा समय लग सकता है। बड़े बटन, धातु की जिप या चेन वाले पजामे और जींस पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
जूते पहनकर आने की मनाही है, सिर्फ चप्पल या कम हील वाली सैंडल ही मान्य होंगी। आभूषण, कड़ा, ताबीज, बेल्ट, स्कार्फ, घड़ी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लाने पर सख्त पाबंदी है। धार्मिक वस्तुएं या कड़ा पहनने वाले छात्रों को फ्रिस्किंग के लिए काफी पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
OMR शीट और टॉयलेट ब्रेक के नियम
ओएमआर शीट पर रोल नंबर और व्यक्तिगत विवरण बहुत सावधानी से भरना होगा। केंद्र पर मिलने वाले काले बॉल पॉइंट पेन से गोले को पूरी तरह गहरा भरना है। शीट पर कटिंग, ओवरराइटिंग या टिक (✓) और क्रॉस (✗) के निशान लगाने पर उत्तर पुस्तिका अमान्य घोषित कर दी जाएगी।
परीक्षा के पहले और आखिरी 30 मिनट में टॉयलेट ब्रेक नहीं मिलेगा। बीच में ब्रेक लेने पर दोबारा पूरी सुरक्षा जांच होगी। देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान की आशंका को देखते हुए एनटीए ने छात्रों को मौसम का हाल देखकर और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए घर से जल्दी निकलने की सलाह दी है।
Author: Rashmi Sharma


