NEET UG पेपर लीक के बाद कल दोबारा परीक्षा, अभेद्य किले में तब्दील हुए केंद्र, चेकिंग के बाद ही एंट्री

Uttarakhand News: नीट-यूजी (NEET-UG) का पेपर लीक होने के बाद कल यानी रविवार को दोबारा परीक्षा आयोजित होने जा रही है। इस बार प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्थाओं को पहले से कहीं अधिक सख्त कर दिया है। इसे लेकर शुक्रवार को नगर निगम सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई।

दो जोन और 11 सेक्टरों में बंटा पूरा जिला

नोडल अधिकारी और एडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को दो जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक जोन और सेक्टर में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से हर एक परीक्षा केंद्र को ही सेक्टर बना दिया है। जिले के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर इस बार 3,874 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।

बिना बायोमैट्रिक और सीसीटीवी के नहीं मिलेगा प्रवेश

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह एक्टिव रखने और नियमानुसार बायोमैट्रिक हाजिरी के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश देने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर अधिकारियों को तुरंत एक्शन लेने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही केंद्रों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए पावर बैकअप, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

डीएम की अपील: समय से पहले पहुंचें अभ्यर्थी

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए तय समय से काफी पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। देर से आने वाले छात्र-छात्राओं को सख्त नियमों के कारण प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, प्रो. एनएस बनकोटी और प्रो. बीआर पंत समेत शिक्षा और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और पूरी चयन प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने का प्लान तैयार किया है।

Author: Harish Rawat

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories