Patna News: बिहार में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परीक्षा के प्रश्नपत्र पूरी तरह कड़ी सुरक्षा के बीच भारतीय वायुसेना के विशेष विमान ‘गजराज’ से पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित पहुंचा दिए गए हैं।
विमान के पटना एयरपोर्ट पर लैंड करते ही सुरक्षा एजेंसियों और वरिष्ठ परीक्षा अधिकारियों की सीधी निगरानी में प्रश्नपत्रों को तय कलेक्शन सेंटर भेजा गया। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर इस बार अभूतपूर्व और बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।
गया और दरभंगा के लिए रवाना किए गए प्रश्नपत्र
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद प्रश्नपत्रों का जिलावार वितरण तुरंत शुरू कर दिया गया। इनमें से कुछ संवेदनशील प्रश्नपत्रों को सड़क मार्ग से दरभंगा के लिए कड़ी सुरक्षा में रवाना किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ, शेष बचे हुए प्रश्नपत्रों को गया एयरपोर्ट के लिए भेजा गया, जहां उन्हें संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि तीन जून को हुई परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इसे रद कर दिया था।
परीक्षार्थियों के लिए परिवहन निगम का बड़ा फैसला
नीट यूजी की इस पुनर्परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सरकार अलर्ट है। इसी कड़ी में परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने एक बेहद सराहनीय और बड़ा फैसला लिया है।
पुनर्परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थी 21 जून को निगम की सरकारी बसों में बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है।
दिखाना होगा एडमिट कार्ड, मिलेगा ‘जीरो टिकट’
परिवहन निगम के अनुसार, यह निशुल्क सुविधा परीक्षा देने जाने और वहां से वापस लौटने वाले दोनों समय के लिए मान्य होगी। सरकारी बसों के साथ-साथ निगम के अंतर्गत चलने वाली निजी मोड की बसों में भी छात्रों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को बस में कंडक्टर को अपना नीट (यूजी) का मूल एडमिट कार्ड दिखाना होगा। इसके साथ ही एडमिट कार्ड की एक छायाप्रति (फोटोकॉपी) जमा करनी होगी, जिस पर नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करना जरूरी होगा।
सभी श्रेणियों की बसों में 20 जून से मिलेगी यह सुविधा
बीएसआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि बस में सवार होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान ‘जीरो टिकट’ जारी किया जाएगा। यह विशेष सुविधा एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, लग्जरी, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों सहित निगम की सभी बसों में लागू रहेगी।
अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह मुफ्त सेवा 20 जून से ही शुरू हो जाएगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी छात्र निशुल्क अपने घर लौट सकेंगे। इस फैसले से हजारों छात्र-छात्राओं को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
Author: Amit Yadav


