बिहार में मौसम का डबल अटैक: कहीं लू का टॉर्चर तो कहीं मूसलाधार बारिश, जानें अपने शहर का हाल

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का बेहद अनोखा और दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। इसके कारण कहीं लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं, तो कहीं झमाझम बारिश से राहत मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, राजधानी समेत दक्षिण बिहार में आज मौसम शुष्क और उमस भरा रहेगा।

इसके विपरीत, उत्तर बिहार के कई जिलों में मानसूनी गतिविधियां पूरी तरह सक्रिय हो चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट जरूर आई है, लेकिन हवा में बढ़ी नमी और उमस ने लोगों की परेशानी को दोगुना कर दिया है।

तीन जिलों में लू का कहर, पटना में बढ़ेगी तपिश

मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार के भभुआ, बक्सर और रोहतास जिलों में भीषण लू (Heatwave) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना में भी आज सूरज के तेवर काफी तल्ख रहेंगे। बीते दिन 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ छपरा राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया था।

वहीं दूसरी तरफ नवादा, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम केंद्र ने लोगों को मेघगर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा वज्रपात (आकाशीय बिजली) से बचने के लिए पक्के मकानों या सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड की गई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इसमें मधुबनी का राजनगर 83 मिमी वर्षा के साथ पूरे राज्य में सबसे आगे रहा। इसके अलावा शेखपुरा के बरबीघा में 53 मिमी, नालंदा में 50.4 मिमी और सुपौल में 40 मिमी तक पानी गिरा है।

मौसमविदों के अनुसार, अगले तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन रही हैं। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे उमस और लू से राहत मिलेगी।

Author: Shilla Bhatia

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories