LNMI Placement 2026: एलएनएमआई में रिकॉर्ड प्लेसमेंट, 200 से अधिक ऑफर पाकर झूम उठे छात्र

Bihar News: पटना के प्रतिष्ठित ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (एलएनएमआई) ने इतिहास रच दिया है। संस्थान ने एमबीए बैच 2024-26 के लिए अब तक का सबसे सफल प्लेसमेंट सत्र दर्ज किया है। मैनेजमेंट के छात्रों को इस साल रिकॉर्ड 200 से अधिक प्लेसमेंट ऑफर मिले हैं।

एलएनएमआई के कैंपस प्लेसमेंट में बड़ी कंपनियों ने दी दस्तक

इस बड़े प्लेसमेंट ड्राइव में देश की 50 से अधिक दिग्गज कंपनियों और संगठनों ने भाग लिया। सबसे खास बात यह रही कि 20 से ज्यादा नामी कंपनियां पहली बार कॉलेज कैंपस में भर्ती के लिए पहुंचीं। इससे छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के बेहतरीन अवसर मिले हैं।

प्रमुख कॉर्पोरेट कंपनियों में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, आईटीसी, वरुण बेवरेजेज और टीसीआई एक्सप्रेस शामिल रहीं। इसके अलावा प्रिस्टीन लॉजिस्टिक्स, जीविका, इंडिगो पेंट्स, हिमालया वेलनेस, कॉमफेड, एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ और टाटा एआईजी जैसी नामी संस्थाओं ने होनहार छात्रों का चयन कर उन्हें आकर्षक जॉब ऑफर सौंपे हैं।

संस्थान में अभी भी जारी है प्लेसमेंट की प्रक्रिया

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार कैंपस में प्लेसमेंट प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। आने वाले दिनों में कई और बड़ी कंपनियां साक्षात्कार के लिए संस्थान का दौरा करेंगी। अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में कुल ऑफर्स का यह आंकड़ा और बड़ा रूप लेगा।

संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष नितीश मिश्रा ने इस बड़ी कामयाबी को एलएनएमआई के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने सभी चयनित छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी। निदेशक एन. विजया लक्ष्मी ने कहा कि यह सफलता उत्कृष्ट शैक्षणिक पाठ्यक्रम और छात्रों की कड़ी मेहनत का बड़ा परिणाम है।

कुलसचिव सुधीर कुमार, उप कुलसचिव प्रीति सिंह और प्लेसमेंट अधिकारी अनुमेहा सिंह ने इस शानदार उपलब्धि का पूरा श्रेय संयुक्त प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि संकाय सदस्यों, कॉर्पोरेट पार्टनर्स और प्लेसमेंट सेल की लगातार मेहनत से यह सफलता मिली है। उन्हें भविष्य में और बेहतर परिणाम की उम्मीद है।

Author: Amit Yadav

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories