Entertainment News: बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने देश में नर्सों की स्थिति को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। एएनआई को दिए अपने नए इंटरव्यू में कंगना ने नर्सों की पुरानी वर्दी को बदलने की पुरजोर मांग उठाई है। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
कंगना रनौत ने कहा कि हमारे देश के अस्पतालों में नर्सों की ड्रेस आज भी अंग्रेजों के जमाने की चल रही है। अब इस गुलामी के प्रतीक को तुरंत बदलने की जरूरत है। डॉक्टरों को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की पूरी आजादी मिलती है लेकिन नर्सों को हर मौसम में एक ही ड्रेस पहननी पड़ती है।
विदेशी कल्चर छोड़ भारतीय अंदाज अपनाने की मांग
कंगना के मुताबिक नर्सों की वर्तमान वर्दी पूरी तरह ब्रिटिश काल से प्रभावित है। आज के समय में भी ड्यूटी के दौरान टाइट पिन और कैप पहनना पूरी तरह से एक विदेशी कल्चर का हिस्सा है। हमें जल्द से जल्द इस व्यवस्था को एक नए और गरिमामयी भारतीय अंदाज में ढालना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल मैनेजमेंट को नर्सों की सुविधा के हिसाब से ही नई ड्रेस तैयार करवानी चाहिए। यह बड़ा बदलाव देश की लाखों महिला स्वास्थ्य कर्मियों के हित के लिए बहुत जरूरी है। नर्सिंग जैसे पवित्र प्रोफेशन को समाज में अक्सर बेहद गलत तरीके से पेश किया जाता है।
फिल्मो और जोक्स में नर्सिंग प्रोफेशन का अपमान
एक्ट्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर इस नोबल प्रोफेशन को अक्सर “ओवर-सेक्शुअलाइज” किया जाता है। फिल्मों, कॉमेडी शोज और जोक्स में नर्सों को जिस तरह दिखाया जाता है, वह बेहद आपत्तिजनक है। असल में नर्सें हमारे पूरे हेल्थ सिस्टम की सबसे मजबूत रीढ़ हैं।
कंगना के अनुसार नर्सें बहुत ही कम सैलरी पैकेज पर अस्पतालों में दिन-रात सबसे ज्यादा काम करती हैं। वे मरीजों की देखभाल से लेकर कई बड़ी मेडिकल जिम्मेदारियां संभालती हैं। इसके बावजूद हमारे समाज में नर्सिंग स्टाफ को वह सम्मान नहीं मिलता है, जिसकी वे वास्तव में हकदार हैं।
भारत भाग्य विधाता फिल्म में दिखेगा नर्सों का सच
कंगना रनौत ने बताया कि उनकी आने वाली नई फिल्म इसी पुरानी सोच को पूरी तरह बदलने की कोशिश करेगी। यह फिल्म सिनेमाघरों में नर्सों की वास्तविक और सम्मानजनक भूमिका को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। कंगना की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ आने वाली 12 जून को रिलीज होने वाली है।
इस अपकमिंग फिल्म में कंगना रनौत 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान अस्पताल में तैनात जांबाज नर्सों की कहानी दिखाएंगी। इन महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने भारी संकट के समय अपनी जान दांव पर लगाकर सैकड़ों गंभीर मरीजों की जान बचाई थी और बेहतरीन मेडिकल सेवाएं दी थीं।
Reported By: Manisha Thakur


