IND-A vs SL-A: वैभव सूर्यवंशी से निपटने के लिए श्रीलंका का खुफिया प्लान, डिकवेल्ला ने खोला बड़ा राज

Sports News: भारत-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच रोमांचक त्रिकोणीय वनडे सीरीज का आगाज मंगलवार से होने जा रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत मेजबान श्रीलंका-ए के खिलाफ करेगी। इस बड़े मुकाबले में हर किसी की नजरें भारत के उभरते हुए युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं।

इस महामुकाबले से ठीक पहले श्रीलंका-ए टीम के उपकप्तान निरोशन डिकवेल्ला ने भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी खास रणनीति का खुलासा किया है। डिकवेल्ला ने माना कि वैभव सूर्यवंशी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। वे आगामी मैच में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़े गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।

श्रीलंकाई उपकप्तान ने कहा कि वैभव ने हाल के महीनों और आईपीएल में कमाल का प्रदर्शन किया है। हालांकि श्रीलंका की परिस्थितियां आईपीएल से काफी अलग हैं। यहां के विकेट काफी धीमे हैं और इस समय मौसम भी अनुकूल नहीं है। मैदान और पिच में अत्यधिक नमी के कारण हालात काफी चुनौतीपूर्ण होंगे।

वैभव की ताकत और श्रीलंका का खुफिया प्लान

निरोशन डिकवेल्ला ने वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी ताकत का विश्लेषण किया है। उन्होंने कहा कि वैभव की निर्णय लेने की क्षमता बेहद कमाल की है। वे पिच पर पहले से शॉट तय करके नहीं खेलते हैं। वे गेंद की गति और दिशा को परखकर ही अपनी प्रतिक्रिया देते हैं, जो उनकी सबसे बड़ी यूएसपी है।

इस खतरनाक और आक्रामक बल्लेबाज को रोकने के लिए श्रीलंकाई टीम ने एक विशेष खुफिया रणनीति तैयार की है। डिकवेल्ला ने बताया कि उनकी टीम ने वैभव के खेल का गहन वीडियो विश्लेषण किया है। टीम को कुछ अंदरूनी जानकारियां भी मिली हैं, जिसके आधार पर गेंदबाजों के लिए खास प्लान तैयार किया गया है।

त्रिकोणीय सीरीज में कौन है सबसे मजबूत?

सीरीज में जीत के दावेदारों को लेकर डिकवेल्ला ने किसी एक टीम का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि घरेलू मैदान और परिस्थितियों का फायदा श्रीलंका को जरूर मिलेगा। उनके पास ऐसे कई अनजाने तेज गेंदबाज हैं, जिनका सामना विपक्षी बल्लेबाजों ने पहले कभी नहीं किया है, जो उनके लिए फायदेमंद रहेगा।

डिकवेल्ला ने भारतीय टीम को बेहद संतुलित और मजबूत प्रतिद्वंदी बताया है। इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान की टीम के स्पिन आक्रमण और मजबूत बल्लेबाजी को भी कमतर नहीं आंका। उनका मानना है कि इस सीरीज में कोई भी टीम स्पष्ट दावेदार नहीं है और जो मैच के दिन बेहतर खेलेगा, वही जीतेगा।

Author: Prem Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories